Dengue Attack: हरिद्वार का कनखल इलाका बना डेंगू का हॉट स्पॉट, महिला की मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
हरिद्वार का कनखल इलाका डेंगू का हॉट स्पॉट बना है। स्थानीय लोगों की लगातार मांग के बाद भी वार्ड में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं हो रहा है।
विस्तार
हरिद्वार जनपद में डेंगू से कनखल निवासी एक महिला की मौत हुई है। डेंगू से जिले में यह पहली मौत है। डेंगू के 17 नए मरीज भी मिले हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 141 पहुंच गई है।
हरिद्वार का कनखल इलाका डेंगू का हॉट स्पॉट बना है। स्थानीय लोगों की लगातार मांग के बाद भी वार्ड में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार रात कनखल क्षेत्र के संदेशनगर कॉलोनी निवासी शिव देवी (60) पत्नी डॉ. दयाशंकर दीक्षित की डेंगू से मौत हो गई। डॉ. दीक्षित ने बताया कि उनकी पत्नी शिव देवी की डेंगू से 18 सितंबर को तबीयत बिगड़ी।
Haridwar: बारिश से मनसा देवी की पहाड़ी दरकी, हरकी पैड़ी पर आए बोल्डर, दुकानों को पुलिस ने कराया बंद
जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि उनके पास डेंगू से हुई मौत की कोई रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की पुष्टि होगी। वहीं 17 डेंगू के नए मरीज मिले हैं। इनकी एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या भी बढ़कर 141 पहुंच गई है।
संदेशनगर कॉलोनी में नहीं हुई फॉगिंग
कनखल क्षेत्र की संदेशनगर कॉलोनी में नगर निगम की ओर से अभी तक कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया है। संदेशनगर कॉलोनी के (वार्ड नंबर 26) पार्षद शुभम मैंदोला ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से बताया गया है लेकिन निगम की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई। कॉलोनी में कई मरीज डेंगू के मिल चुके हैं।