Uttarakhand: टिहरी झील में चार दिवसीय नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का आगाज, खेल मंत्री ने किया शुभारंभ
उत्तराखंड की टिहरी झील में नेशनल गेम्स से पहले चार दिवसीय नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप 2024 का आगाज हो गया है।
विस्तार
कोटीकाॅलोनी में राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट सीनियर पुरुष एवं महिला चैंपियनशिप टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप का आगाज मंगलवार को हुआ। खेलमंत्री रेखा आर्या ने उद्घाटन किया। कहा, यह महज कैनोइंग और कयाकिंग प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि इस प्रतियोगिता से अगले साल शुरू होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए भी क्वालीफायर होगी।
कहा, आयोजन से टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, जिससे आने वाले समय में टिहरी झील एडवेंचर स्पोर्ट्स का बड़ा डेस्टिनेशन बनेगी। मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने कोटीकाॅलोनी में बांध की झील में चार दिवसीय टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप की शुरुआत की।
Uttarakhand Weather News: बारिश-बर्फबारी के बाद शीत लहर बढ़ाएगी ठिठुरन, प्रदेशभर में आज येलो अलर्ट जारी
कहा, उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि हमें राष्ट्रीय खेल की मेजबानी मिली है। इसमें भी टिहरी की टिहरी लेक में कयाकिंग, कैनोइंग और रोईंग प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। कहा, जल्द ही उत्तराखंड में खेल विवि अस्तित्व में आएगा। सरकार इंटरनेशनल खेलों में पदक विजेताओं को पर्याप्त धनराशि के अलावा सरकार नौकरी में आरक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है।
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा, बिजली उत्पादन संग ही वाटर स्पोर्ट्स के लिए भी टिहरी की पहचान बनेगी। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा, टिहरी झील अभिशाप न बनकर वाटर स्पोर्ट्स के रूप में वरदान का रूप लेगी। इंडियन कयाकिंग एवं कैनाेइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा और उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने कहा, टिहरी में नेशनल गेम्स की प्रतियोगिताएं होने से पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
कैनोइंग सी की हीट रेस में सेना के ज्ञानेश्वर और अक्षया रहीं प्रथम
चैंपियनशिप में पहले दिन कैनोइंग सी और कयाकिंग के की हीट रेस की कई प्रतियोगिताएं हुईं। उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह और हाई परफॉरमेंस एकेडमी के निदेशक डॉ. सुमंत ने बताया, पुरुष वर्ग की कैनाेइंग सी-1 प्रतियोगिता में सेना के ज्ञानेश्वर सिंह प्रथम, यूपी के विशाल कुमार द्वितीय और दिल्ली के एस राधाकांत सिंह तृतीय रहे। महिला वर्ग में सेना की कावेरी दीमार प्रथम, दिल्ली की शिवानी द्वितीय और दिल्ली की मौसमा यादव तृतीय रही। सी-2 में सेना की अक्षया सुनील और शिवानी वर्मा प्रथम, ओडिशा की सचिमा करकेटा और एम सोफिया देवी द्वितीय और मध्य प्रदेश की परविंदर कौर और दीपिका दीमार तृतीय रही। महिला वर्ग की कयाकिंग के-2 में ओडिशा की ओइनम विनीता चानू और आइनम बिंदिया देवी प्रथम, मध्य प्रदेश की डैली बिश्नोई और मनस्विनी स्वैन द्वितीय और हरियाणा की दीपाली और रक्षिता तृतीय रही।
पुरुष वर्ग के-2 में एल नोचा सिंह और रैमसन एम प्रथम, यूपी के बलवीर जाट और सत्यम बालियान द्वितीय और दिल्ली के सोनू साहू और प्रदीप डांगी तृतीय रहे। के-1 में सेना के एल नोचा सिंह प्रथम, गोवा के पवन वर्मा द्वितीय और केरल के के रोहित सिंह तृतीय रहे। के-चार पुरुष वर्ग में सेना के टी नागसेम, ओ अरुण सिंह, आई बोरिश सिंह, के मेट्टी की टीम विजेता और ओडिशा के सलाम किसान सिंह, एमएल सिंह, टीडी मेट्टि और संतोष ख्वाईरापकम की जोड़ी उपविजेता बनी। महिला वर्ग में ओडिशा की धनामंजूरी, ओ बिंदिया देवी, श्रीति चोगले और सोनिया देवी की टीम प्रथम और कर्नाटक की टी जैकब, एन चंद्रन, अलीना बिजू और जैस्मीन कौर की टीम उपविजेता बनी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.