देहरादून : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आईएमए में किया दो टनल का वर्चुअल शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंगके माध्यम से देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी परिसर में 44.21 करोड़ की लागत से बनने वाले दो अंडर पास का शिलान्यास किया। इस तरह चार दशक से अंडर पास को लेकर हो रहा इंतजार खत्म हुआ। इन दोनों अंडरपास के बनाने के लिए दो साल का समय तय किया गया है। राजनाथ ने कहा कि यदि ये अंडरपास पौने दो साल की अवधि में बनकर तैयार हुए तो वे इनका उद्घाटन करने आएंगे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अंडरपास बनने से एनएच-72 पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। यह विडंबना है कि आईएमए जैसे विश्वसनीय, विश्वस्तरीय संस्थान को दो अंडर पास के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
अंडरपास निर्मित होने के बाद आईएमए के कैंपस आपस में जुड़ सकेंगे तथा संस्थान को अपनी गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। इन अंडरपास के निर्माण से राज्य की जनता को ही नहीं बल्कि, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी। साथ ही कैडेट्स के आवागमन और ड्रिल में भी व्यवधान नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर में आईएमए पासिंग आउट परेड में इसकी स्वीकृति दी थी। उन्होंने कहा कि यदि नीयत ठीक हो, संकल्प पक्का हो तो किसी भी कार्य को पूर्ण करने में कठिनाई पैदा नही होती। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 1978 से इसकी आवश्यकता महसूस की जाती रही है।
इसकी घोषणा की थी जो आज साकार हो रही है
गत वर्ष पासिंग आउट परेड के अवसर पर इन अंडरपासों के महत्व पर केंद्रीय मंत्री से चर्चा करने पर उन्होंने इसकी घोषणा की थी जो आज साकार हो रही है। इसके लिए आवश्यक धनराशि 44.21 करोड़ की भी स्वीकृति प्रदान की है।
इस अवसर पर आईएमए के समादेशक ले.जनरल जयवीर सिंह नेगी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अंडरपास से आईएमए का नार्थ, सेंट्रल तथा साउथ क्षेत्र आपस में जुड़ जाएगा तथा एनएच एवं लोनिवि की सड़क पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल केके खन्ना, मेजर जनरल आरएस ठाकुर, ब्रिगेडियर सुजीत नारायण, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम ने आईएमए परिसर का किया भ्रमण
भारतीय सैन्य अकादमी परिसर में दो अंडर पासों के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आईएमए परिसर का भ्रमण कर आईएमए द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों को देखा। सीएम ने आईएमए स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण रत युवा कैडेटों से भी मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साइकिल और भारी ट्रक के अनुकूल बनेंगी टनल
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में बनने जा रही दो टनल कई मायने में खास होंगी। जिनमें कैडेट्स आसानी से साइकिल चला सकेंगे। साथ ही सेना के भारी ट्रकों की भी आसानी से आवाजाही होगी।
टनल की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने वाली कंपनी टेक्निकल कंसल्टेंसी सर्विसेज के अधिकारी अरुण कुमार बक्शी ने बताया कि आईएमए के कैडेट्स साइकिलों का प्रयोग करते हैं। इसलिए टनलों को खास डिजाइन किया है। चकराता रोड के टनल की कुल लंबाई 384 मीटर होगी। टनल को 54 मीटर लंबाई दी जाएगी। इसमें आने-जाने के लिए दो लेन होंगी।
इसमें कैडेट्स को साइकिल चलाने के लिए दोनों तरफ अलग से डेढ़-डेढ़ मीटर का ट्रैक भी बनाया जाएगा। जो दो लेन से थोड़ा ऊंचाई पर होगा। इससे साइकिल चलाने में कम चढ़ाई चढ़नी पड़ेगी।
इसी तरह रांगड़वाला चुंगी-मीठी बेहड़ी रोड पर भी टनल बनाई जाएगी, लेकिन इस टनल की कुल लंबाई 408 मीटर होगी। इसकी कुल लागत 2238.37 लाख रुपये है, जबकि चकराता रोड वाली टनल की लागत राशि 1994.92 लाख है। टनल का काम जल्द शुरू किया जाएगा।