उत्तराखंड: सालभर कॉर्बेट और राजाजी पार्क के दीदार कर सकेंगे सैलानी, वन भूमि पर लगाए जाएंगे डेढ़ करोड़ पौधे
बुधवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने यह जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वन्यजीवों के दीदार के लिए विश्व प्रसिद्ध उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व और कार्बेट नेशनल पार्क अब सैलनियों के लिए वर्षभर खुले रहेंगे। मानसून के सीजन में अकसर जंगल के रास्ते खराब हो जाते हैं, लेकिन यदि ऐसी दिक्कत पेश नहीं आई तो पर्यटक बरसात में भी नेशनल पार्कों का दीदार कर पाएंगे। इसके अलावा मानसून सीजन में पूरे प्रदेश में 15 हजार हेक्टेयर से अधिक वन भूमि पर करीब डेढ़ करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री हरक सिंह ने कहा कि इस बार मानसून सीजन में सिर्फ पौधे ही नहीं लगाए जाएंगे, बल्कि उनकी वृहद स्तर पर मॉनिटरिंग भी की जाएगी। लगाए गए कम से कम 90 प्रतिशत पौधे जिंदा रहें, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए प्लांटेशन का थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराया जाएगा।
साथ ही फायर कंट्रोल रूम को प्लांटेशन कंट्रोल रूम में तब्दील किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग मुख्य वन संरक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे। बताया कि मिश्रित पौधे लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार जंगलों में करीब 12 हजार हेक्टेयर भूमि पर लैंटाना झाड़ी का उन्नमूलन कर पौध रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पहली बार 40 करोड़ की धनराशि कैंपा के तहत स्वीकृत की गई है।
मोतीचूर में बनेगा नया गेट, कांसरों में शुरू होगी सफारी
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने बताया कि हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते मोतीचूर रेंज कार्यालय के बाहर बना गेट दब गया है। इसलिए रेंज के प्रवेश द्वार पर नया गेट बनाने का निर्णय लिया गया है। जंगल सफारी के लिए आने वाले लोगों को अब पुराना गेट दिखाई नहीं देता, जिससे वे भ्रमित हो जाते हैं। इसलिए नया गेट बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा जंगल सफारी के शौकीनों के लिए कांसरों रेंज में शीघ्र ही नया ट्रैक शुरू किया जा रहा है। हरिद्वार, देहरादून आने वाले पर्यटक इस ट्रैक का लुत्फ उठा सकेंगे।
10 हजार नेचर गाइड को दी जाएगी ट्रेनिंग
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग में 10 हजार नेचर गाइड की अस्थायी नियुक्ति की जा रही है। पहली बार इसमें लड़कियों को भी शामिल किया गया है। कौशल विकास के तहत इन्हें कॉर्बेट नेशनल इंस्टीट्यूट में एक जुलाई से 50-50 के ग्रुप में ट्रेनिंग दी जाएगी।
जिम कॉर्बेट में शीघ्र विचरण करेंगे गैंडे
जिम कॉर्बेट पार्क में गैंडों को लाने की योजना खटाई में नहीं पड़ी है। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार की ओर से कुछ बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है, शीघ्र ही रिपोर्ट केंद्र को सौंप दी जाएगी। गैंडों को लाने पर होने वाला खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
राजाजी टाइगर रिजर्व में गश्त करेंगी 16 विशेष टीमें
मानसून के दौरान राजाजी टाइगर रिजर्व में 16 विशेष टीमें गश्त करेंगी। वन्यजीवों की निगरानी के साथ ही शिकारियों को धर दबोचने के लिए टाइगर रिजर्व निदेशक की ओर से अधिकारियों की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया है। इस संबंध में टाइगर रिजर्व डीके सिंह की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
टीमों में शामिल वनकर्मियों को हथियार और उपकरण के साथ ही ड्रोन कैमरे भी मुहैया कराए गए हैं। टाइगर रिजर्व निदेशक ने बताया कि रवासन, कासरों, बेरीवाड़ा, धौलखंड जैसी रेंजों में एक-एक टीम को तैनात किया गया है। जबकि, चीला, मोतीचूर, गोहरी, हरिद्वार, चिल्लावाली रामगढ़ जैसी संवेदनशील रेंजों में दो-दो टीमें तैनात की गई हैं।
डीके सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मानसून के दौरान टाइगर रिजर्व के वन्यजीवों के नदियों और दलदल में फंसने की संभावना रहती है ऐसे में संवेदनशील इलाकों में पैनी नजर रखी जाए। कहा कि मानसून के दौरान शिकारियों की भी सक्रियता बढ़ जाती है, लिहाजा इन पर भी पैनी नजर रखी जाए।
टाइगर रिजर्व निदेशक का कहना है कि मानसून के दौरान गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारी समय-समय पर औचक निरीक्षण कर पता लगाएंगे कि टीमें गश्त कर रही हैं या नहीं। कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।