उत्तराखंड: रुद्रपुर पहुंचे सीएम तीरथ का विरोध करने जा रहे पूर्व मंत्री बेहड़ समेत 40 कांग्रेसी गिरफ्तार
रुद्रपुर में सीएम का विरोध कर रहे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ समेत दर्जनों कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
विस्तार
सीएम तीरथ सिंह रावत के रुद्रपुर आगमन पर विरोध करने जा रहे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ समेत 40 कांग्रेसियों को पुलिस ने नैनीताल हाईवे पर 31वीं वाहिनी पीएसी गेट के सामने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों और कांग्रेसियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को हंगामे के दौरान पार्षद मोनू निषाद और पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ के बेटे सौरभ बेहड़ को भी पुलिस ने पकड़ लिया था। सभी को वाहनों में बैठाते समय मोनू और सौरभ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों की तलाश करते हुए पुलिस ने उन्हें कुछ देर बाद पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को कोतवाली में लाकर बैठाया गया। वहीं बाकी कार्यकर्ताओं को दो वाहनों से गदरपुर तहसील भवन पहुंचाकर नजरबंद कर दिया गया।
करीब चार घंटे बाद सीएम के वापस जाने पर कांग्रेसियों को रिहा कर दिया गया। गिरफ्तार कांग्रेसियों में पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण पांडे, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, नगर महामंत्री राजीव कामरा, पार्षद सचिन मुंजाल, दिनेश पंत, चेतन भट्ट समेत कई मौजूद थे। इधर, गदरपुर पहुंचाए गए कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। कहा कि वे लोग सीएम को समस्याओं से संबंधित ज्ञापन देना चाहते थे लेकिन प्रशासन ने अड़ियल रवैया दिखाते हुए उन्हें सीएम तक नहीं पहुंचने दिया।
वहीं, सीएम का रुद्रपुर के राधा स्वामी सत्संग आश्रम में विरोध करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने टोल के पास गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें सीएम के जाने के बाद रिहा किया गया। वहां संजीव कुमार सिंह, अरुण तनेजा, फिरदौस सलमानी, प्रवीड़ सैन, कमलेश कुमार दुबे, ब्रह्मानंद पुरोहित, संजय यादव, रमेश गंगवार, तोता राम, राजेंद्र, एनयू खान आदि थे।
मुख्यमंत्री ने भू-अधिग्रहण के लिए 25 करोड़ किए स्वीकृत
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए जमीन खरीदने को 25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अलावा सूबे की कई अहम योजनाओं के लिए उन्होंने बजट को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने बड़कोट में वाहन पार्किंग के निर्माण हेतु प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ 99 लाख रुपये, यमुनोत्री के तहत दो निर्माण कार्यों के लिए 74 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
डोईवाला विधानसभा में फायर स्टेशन की स्थापना हेतु प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति मुख्यमंत्री ने दी है। विधानसभा क्षेत्र राजपुर रोड के अंतर्गत कांवली रोड के दोनों ओर फुटपाथ, रेलिंग व दून अस्पताल चौक से दर्शनलाल चौक तक दोनों ओर पटरी तथा क्षतिग्रस्त स्थानों के सुधारीकरण के लिए एक करोड़ 89 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। कुंजापुरी के पास हिंडोलाखाल में पार्किंग निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री ने एक करोड़ 54 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री ने टिहरी विस क्षेत्र में सात निर्माण कार्यों के लिए तीन करोड़ 65 लाख की स्वीकृति दी है। विधानसभा चंपावत के अन्तर्गत पांच निर्माण कार्यों के लिए दो करोड़ चार लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। नैनीताल के रामनगर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पुछड़ी से भगुवाबांगर होते हुए कालूसिद्ध मंदिर तक मार्ग निर्माण हेतु मुख्यमंत्री ने एक करोड़ 39 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन के विकासखंड नैनीडांडा में पंजई-मोक्षण से बैडहाट तक मोटर मार्ग निर्माण हेतु एक करोड़ 16 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अंतर्गत तीन निर्माण कार्यों के लिए तीन करोड़ 85 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर के अंतर्गत दो निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ 23 लाख रुपये एवं विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत दो निर्माण कार्यों के लिए भी मुख्यमंत्री ने दो करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री ने आरआईडीएफ-26 योजनांतर्गत स्वीकृत कुल 31 योजनाओं हेतु नाबार्ड द्वारा स्वीकृत ऋण धनराशि के सापेक्ष मोबिलाईजेशन एडवांस की धनराशि 16 करोड़ 94 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने केंद्रपोषित योजना पीएमकेएसवाई-हर खेत को पानी की गाइडलाइंस के तहत 422 क्लस्टर योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु अग्रिम राज्यांश के रूप में छह करोड़ 11 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।