उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, इगास पर्व पर पहुंचे अपने गांव
डीडीहाट नर्सरी चौराहे पर नगर पालिका ने 6.83 लाख रुपये की लागत से स्वामी विवेकानंद की 18 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया है। इसे हल्द्वानी के राधे श्याम शर्मा ने बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ में वरदायिनी मंदिर परिसर में 100 फीट ऊंचा झंडा फहराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरदायिनी मंदिर में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत 100 फुट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया। उन्होंने वन विश्राम गृह में पौधरोपण भी किया। शनिवार को तिरंगे के लोकार्पण अवसर पर सीएम ने कहा कि यह देव और वीरों की भूमि है। तिरंगा हमारे युवाओं में देश भक्ति एवं प्रेरणा बढ़ाने का कार्य करेगा।
तिरंगा फहराने से यह सभी के मानस पटल एवं स्मृति पर रहेगा और युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान को मजबूत करने का काम करेगा। इस मौके पर पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक चंद्रा पंत, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मनोज सामंत, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र वल्दिया, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री केदार जोशी कुमाऊं आयुक्त सुशील कुमार, आईजी निलेश आनंद भरणे, डीएम डॉ. आशीष कुमार चौहान आदि रहे।
चारधाम यात्रा: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पहुंचे बदरीनाथ धाम, साथ में यशपाल आर्य भी मौजूद
मुख्यमंत्री को दिखाए काले झंडे
सीएम के डीडीहाट जिले की घोषणा न करने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोत्सव का समापन कर लौट रहे सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा जिले के नाम पर लोगों को बरगला रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
डीडीहाट जिला बनाओ संघर्ष समिति से सीएम ने की बात
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को जीआईसी मेला स्थल बुलाकर बातचीत की। सीएम ने कहा कि जिले के गठन के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग से रिपोर्ट आने के बाद डीडीहाट को जिला घोषित किया जाएगा। उन्होंने आंदोलनकारियों से आंदोलन खत्म करने की मांग की।
...तो अभी नहीं होगा नए जिलों का गठन
वहीं इन दिनों जिले की मांग को लेकर डीडीहाट और यमुनोत्री में लोग आंदोलन कर रहे हैं। रानीखेत और काशीपुर में भी जिला गठन की मांग उठ रही है, लेकिन पिथौरागढ़ दौरे के दौरान सीएम के बयान के बाद हाल फिलहाल इन जिलों के अस्तित्व में आने की संभावनाओं को झटका लगा है। पिथौरागढ़ में पत्रकार वार्ता में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर पहले से आयोग बना है। आयोग की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा। प्रदेश के सरकारी विभागों में 24 हजार पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
शुक्रवार को शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिथौरागढ़ शहर का अब काफी विस्तार हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेश के बड़े शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है।
सस्ती, सुगम हवाई सेवा के लिए प्रयासरत : सीएम
नैनीसैनी एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवा के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नैनीसैनी से विमान सेवा शुरू करने के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बातचीत हुई है। पिथौरागढ़ से नियमित के साथ-साथ सुगम, सस्ती हवाई सेवा पंतनगर, देहरादून और हिंडन के लिए शुरू हो इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम के गांव हड़खोला में उत्सव जैसा माहौल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अपने पैतृक गांव हड़खोला पहुंचे तो वहां उत्सव जैसा माहौल हो गया। ग्रामीण महिला-पुरुषों ने ईष्ट देवता हरि चंद के मंदिर में झोड़ा, चांचरी गाकर अपनी खुशी व्यक्त की। महिलाओं ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके गांव तक कभी सड़क पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री धामी का पैतृक गांव हड़खोला नेशनल हाईवे से करीब चार किमी ऊपर स्थित है। गांव के लिए 15 वर्ष से बंदरलीमा से सड़क प्रस्तावित थी लेकिन सड़क गांव तक नहीं पहुंच पाई। गांव तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती थी। बीमार या बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती थी। धामी के मुख्यमंत्री बनते ही गांव के लिए वर्षों से रुकी सड़क बनाने का काम तेजी से शुरू हुआ और दो माह में ही गांव तक सड़क पहुंच गई। इतना ही नहीं गांव में अस्थायी हेलिपैड भी बनाया गया।
गांव तक सड़क बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित था लेकिन दो बार मौसम की खराबी के कारण सीएम अपने गांव नहीं पहुंच पाए थे। शनिवार को कार से काफिले के साथ मुख्यमंत्री जब हड़खोला पहुंचे तो पूरा गांव उनके स्वागत के लिए पलक पावड़े बिछाए नजर आया। गांव पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत किया। गांव पहुंचकर सीएम धामी ने अपने परिवार के साथ ईष्ट देवता हरि चंद के मंदिर में पूजा-अर्चना की तो सीएम के गांव आने की खुशी में ग्रामीण महिला, पुरुषों ने झोड़ा, चांचरी गाई। इसके बोल थे दैना होया हरि चंद, दैना होया बाली चंद।
इसके माध्यम से सभी लोगों के सुख, समृद्धि की कामना की गई। ग्रामीण महिला मथुरा देवी, चंद्रा देवी आदि महिलाओं ने बताया कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके गांव में कभी सड़क पहुंचेगी। पुष्कर के मुख्यमंत्री बनने से सभी गांव के लोग सड़क देख पाए हैं। महिलाओं ने सीएम धामी को सदा सुखी रहने का आशीर्वाद दिया। े