उत्तराखंड: विश्व वानिकी दिवस पर सीएम तीरथ की घोषणा, कॉर्बेट पार्क में महिलाएं कराएंगी पर्यटकों को सफारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व वानिकी दिवस पर वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रामनगर के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने 25 मिनट के भाषण में कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में अगले पर्यटन सत्र के लिए 50 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। इनका संचालन महिलाएं करेंगी। महिलाओं को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के अंतर्गत जिप्सी खरीदने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। भारत में पहली बार किसी टाइगर रिजर्व में 50 महिलाएं नेचर गाइड के रूप में और 50 महिलाएं जिप्सी चालक के रूप में पर्यटकों को सफारी करवाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए सिंचाई नहरों को कवर किया जाएगा। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में दाखिल खारिज पर लगी रोक पर विचार किया जाएगा।
आमडंडा में होगी एम्फीथिएटर की स्थापना
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आमडंडा में जिम कार्बेट एवं वन्य जीवों पर आधारित ‘लाइट एंड साउंड शो एवं एंफीथिएटर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए खनिज न्यास से दो करोड़ रुपये, उत्तराखंड वन विकास निगम से एक करोड़ रुपये और कार्बेट फाउंडेशन की ओर से एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। शेष आवश्यक धनराशि की व्यवस्था अन्य मदों से आवश्यकतानुसार की जाएगी।
रेस्क्यू सेंटर पर्यटकों के लिए खोला जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ढेला रेंज में विश्व स्तरीय वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू सेंटर बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण अब अंतिम दौर में है। इस रेस्क्यू सेंटर को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा, ताकि पर्यटक यहां पर बाघों के दर्शन कर सकेंगे।
यह घोषणाएं भी की
-भरतपुरी, पंपापुरी, दुर्गापुरी और कौशल्यापुरी कॉलोनी के विनियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
-रामनगर में कुमाऊं और गढ़वाल से संचालित होने वाली निजी बसों के लिए भी संयुक्त बस स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
- मालधनचौड़ को तहसील से जोड़े जाने की भी घोषणा की।
फाटो को पर्यटन जोन बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो रेंज को पर्यटन जोन बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि फाटो और उत्तरी जसपुरी रेंज को मिलाकर एक पर्यटन जोन बनेगा। शासन में इसका प्रस्ताव है, जिसे जल्द मंजूरी मिलेगी। रामनगर आने वाले पर्यटकों को एक नया जोन मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने गर्जिया मंदिर के किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने मां गर्जिया देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने जब सांसद का चुनाव लड़ा था तो उन्होंने चुनावी अभियान में गर्जिया देवी मंदिर में दर्शन कर विजयी होने की मन्नत मांगी थी। वह रिकॉर्ड तीन लाख से अधिक वोटों से जीते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार तीरथ सिंह रावत गर्जिया मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन किए।
विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन
बार एसोसिएशन के सदस्यों ने ज्ञापन में बैलपड़ाव चौकी को रामनगर थाना में शामिल करने की मांग की। वहीं न्यायालय परिसर रामनगर में अधिवक्ताओं के लिए चेंबर उपलब्ध कराने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में बार अध्यक्ष रतन सिंह चौहान, सचिव सुखदेव सिंह रामगढ़िया, नरेंद्र रावत, यूनुस, तरुण बिष्ट, ललित तिवारी, गौरव तिवारी, गणेश कुमार गगन आदि रहे। अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा के सदस्यों ने सीएम को ज्ञापन देकर 14 मई को भगवान परशुराम जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा कराने का अनुरोध किया। समाजसेवी हरीश चंद्र सती ने रामनगर से भतरौजखान, गैरसैंण तक सड़क के चौड़ीकरण व मरम्मत की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के उपाध्यक्ष प्रभात ध्यानी, लालमणि, पान सिंह नेगी, मोहन सिंह सजवान, किरण आर्य ने ज्ञापन सौंपकर गांव लालढांग को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की। गिरिजा देवी मंदिर समिति ने एक एकड़ भूमि समिति को लीज पर देने की मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष केएस अधिकारी, निशांत पपनै आदि रहे। आईएमपीसीएल ने कर्मचारियों ने आईएमपीसीएल का निजीकरण रोकने के लिए ज्ञापन दिया। वन विकास निगम ने दस सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को दिया।