उत्तराखंड: दो घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे, कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे का 40 मीटर हिस्सा धंसा
ऊखीमठ तहसील मुख्यालय से लगभग आठ किमी दूर पापड़ी में कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे का 40 मीटर हिस्सा भू-धंसाव की चपेट में आ गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोमवार को लामबगड़ के पास सुबह दस बजे खचड़ा नाले में मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया। एनएच की जेसीबी मशीनों ने करीब दो घंटे बाद हाईवे को खोल दिया। यातायात बंद होने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही। हाईवे खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, जिले में हर दिन हो रही बारिश से कई संपर्क मार्ग बंद पड़े हुए हैं। जिले में अभी भी 26 संपर्क मार्ग बंद हैं।
उधर, ऊखीमठ तहसील मुख्यालय से लगभग आठ किमी दूर पापड़ी में कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे का 40 मीटर हिस्सा भू-धंसाव की चपेट में आ गया है। यहां सड़क पर एक से दो फीट गहरी और एक फीट तक चौड़ी दरारें पड़ गई हैं जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यापक रूप से प्रभावित हो गया है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सड़क के ऊपर बसे 18 आवासीय परिवारों को भी खतरा पैदा हो गया है। इससे लोग दहशत में हैं।
रविवार रात को हुई मूसलाधार बारिश से पापड़ी (घाटी-मस्तूरा) में हाईवे का 40 मीटर हिस्सा भूधंसाव से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सोमवार सुबह क्षेत्रीय गांवों से वाहन जब ऊखीमठ आने लगे थे तो पाया कि सड़क दरारों से पटी है। उसपर पैदल चलना भी मुश्किल है। सूचना पर तहसील प्रशासन व एनएच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद हाईवे को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया। अपराह्न तीन बजे के बाद एनएच की ओर से हाईवे के भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र का भरान कर छोटे वाहनों का संचालन किया गया लेकिन क्षेत्र में आए दिन हो रही तेज बारिश से स्थिति नाजुक बनी हुई है।
दूसरी तरफ ग्राम पंचायत दैड़ा के ग्राम प्रधान ने बताया कि भूधंसाव के कारण पापड़ी के 18 आवासीय मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। एनएच द्वारा प्रभावित क्षेत्र में सड़क के चौड़ीकरण के लिए ऊपरी तरफ कटिंग की जाती है तो कई मकानों के ढहने का खतरा है। उन्होंने खतरे की जद में आए परिवारों के सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सीएम को पत्र भी भेजा है। एनएच के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गदेरे के तेज बहाव के कारण भू-कटाव से सड़क धंसी है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र का भरान कर यातायात संचालन किया जाएगा। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के विशेषज्ञों की राय लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
खोह नदी में बहे युवक का शव बरामद
कोटद्वार में रविवार शाम को खोह नदी में बहे गोविंदनगर के युवक का शव खोह नदी में सिद्धबली के पास बरामद हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। युवक की शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया है।
रविवार शाम को गोविंदनगर निवासी राहुल रस्तोगी (35) अपने साथियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमसौड़ के पास एक ढाबे के नीचे खोह नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह नदी के तेज बहाव में बह गया। कोतवाल नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि युवक का शव बरामद हो गया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सेहत के लिहाज से कतई ठीक नहीं ये मौसम
दूसरी ओर चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक बारिश और धूप का जो गठजोड़ दिखाई दे रहा है। यह सेहत के लिहाज से कतई ठीक नहीं है। ऐसे में लोगों को थोड़ा सा ध्यान रखने की जरूरत है।
दून अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशयन एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केसी पंत का कहना है कि बारिश के चलते तापमान में तेजी से गिरावट और फिर चटख धूप से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी से सर्दी, जुखाम, बुखार होने की पूरी संभावना रहती है, ऐसे में लोगों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है।
दूसरी ओर मौसम का जो मिजाज दिखाई दे रहा है। ऐसे में इस मौसम में डेंगू और मलेरिया के मच्छरों के तेजी से पनपने की संभावना रहती है। इससे बचाव के लिए लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने के साथ ही मलेरिया और डेंगू के मच्छरों से बचने की भी जरूरत है।
भारी बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री ने नंगे पांव किया क्षतिग्रस्त सड़क, पुश्ते का निरीक्षण
मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी देहरादून से सटे इलाके धोरण गांव में सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ झमाझम बारिश के बीच मौके पर पहुंचे।
इतना ही नहीं कैबिनेट मंत्री जोशी से नंगे पांव बारिश के बीच न सिर्फ क्षतिग्रस्त पुश्ते व सड़क का निरीक्षण किया, वरन मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस बात की हिदायत दी कि क्षतिग्रस्त पुश्ते व सड़क का निर्माण कराया जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण न हो, लोगों को वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
मकान की छत गिरने से नुकसान
देहरादून में एक मकान की छत गिरने से घर में रखे सामान को नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि उस वक्त घर में कोई नहीं था। कोतवाली पुलिस के अनुसार चौकी लक्ष्मण चौक के पास शिवाजी मार्ग में एक मकान की छत गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया। यह मकान सुरेश चंद्र का था। घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है।
बारिश से शहर की सड़कों का हुआ बुराहाल
राजधानी में हुई झमाझम बारिश ने शहरों की सड़कों का बुराहाल कर दिया है। मुख्य रास्तों से लेकर संपर्क मार्ग तक पर गड्ढे हो गए हैं। इससे शहरवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। कई सड़कों पर बजरी निकलने से दो पहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम और लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।