Uttarakhand Lockdown: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति को बताए प्रदेश में कोरोना से निपटने के इंतजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम में फ्रंट पर रहकर काम में जुटे प्रदेश के डाक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई कर्मचारियों से किसी भी तरह का दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारियों और एसएसपी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
राज्यपाल ने शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में कोरोना वायरस से संबंधित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उन्हें उत्तराखंड के हालात से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉक डाउन का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
धर्म गुरुओं और संतों से अपील की जा रही है कि लोगों को जागरूक करें। धार्मिक आयोजनों, पूजा पाठ, नमाज आदि को जनता अपने घरों में ही रह कर करें। प्रदेश में रेडक्रास को कोरोना वायरस से जुड़ी परिस्थितियों के लिए सक्रिय होने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य इकाई से अभी तक किए कार्यों का विवरण और आगे की कार्ययोजना तलब की गई है।
राज्यपाल ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस को निर्देशित किया गया है कि कोरोना से जंग में जुटे डाक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई वालों से अगर कोई दुर्व्यवहार होता है तो उससे कड़ाई से निपटें। पर्वतीय जनपदों में आवश्यक वस्तुओं, राशन, दवाइयोें आदि की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। नगर निकायों में स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में 957 नेपाली नागरिकों के लिए पांच कैंपों में खाने ल रहने की व्यवस्था की गई है। राज्य में अभी तक कोविड-19 के 10 केस आए हैं, जिसमें से दो व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। 8452 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
राजकीय चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों में 3746 पीपीपी किट तथा 13864 एन 95 मास्क दिए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू भी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय का हाल जानेंगी राज्यपाल
राज्यपाल ने प्रदेश के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की अगले सप्ताह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बुलाई है। वीसी में राज्यपाल वर्तमान हालातों की जानकारी लेंगी। उन्होंने विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि लॉक डाउन की परिस्थितियों में ऑनलाइन कोर्स मैटीरियल उपलब्ध कराएं। वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए अपने क्षेत्रों में आवश्यक तकनीकी एवं विशेषज्ञ सहायता विकसित करनी होगी।
जिलाधिकारियों से लेंगी ग्राउंड रिपोर्ट
राज्यपाल जल्द ही जिलाधिकारियों से ग्राउंड रिपोर्ट के हालात जानने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगी। जिसमें सैनिटाइजेशन की व्यवस्थाओं से लेकर क्वारंटीन सेंटरों और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में रिपोर्ट ली जाएगी।
पढ़ें दिनभर के बड़े अपडेट
-उत्तराखंड में शुक्रवार को छह और लोग कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इसमें पांच देहरादून और एक बाजपुर से है। ये सभी लोग दिल्ली व अन्य शहरों से जमात में शामिल होकर उत्तराखंड लौटे थे।
- काशीपुर में देर शाम को दो कोरोना संदिग्ध गन्ना विकास संस्थान में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर की खिड़की तोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस खोज में जुट गई है।
-उत्तरकाशी में बीते 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से जिले में लागू लॉक डाउन छूट की अवधि को छोड़ पूरी तरह प्रभावी है। छूट की अवधि में भी सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन कराया जा रहा है। पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं। सफाई कर्मचारी भी जगह-जगह कीटनाशकों का छिड़काव करने में जुटे हैं। जनपद में 13वें दिन भी लॉक डाउन प्रभावी रहा। लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रवैया अपना रही है। जिले में अभी तक लॉक डाउन एवं होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर पुलिस दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही छह दर्जन से ज्यादा लोगों के चालान कर चुकी है। जिला मुख्यालय तथा विभिन्न ब्लाक एवं तहसील मुख्यालयों के साथ ही मुख्य सड़कों पर जगह-जगह भारी पुलिस बल मुस्तैदी के साथ तैनात है। नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस के कोप का भागी बन रहे हैं, लेकिन अधिकांश लोग पुलिस ड्यूटी पर तैनात जवानों की सराहना कर रहे हैं। सफाई कर्मचारी भी इन दिनों पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। जिला मुख्यालय समेत विभिन्न नगरों में निरंतर कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के कार्य को भी बखूबी अंजाम दे रहे हैं। सभी लोग सफाई कर्मचारियों की सराहना कर रहे हैं।
-रुद्रपुर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में छह जमाती और भर्ती किए गए हैं। ये जमाती भी नजीबाबाद की जमात में शामिल होकर आए थे l पुलिस ने सभी को गदरपुर से पकड़ा था।
- रुड़की में थाना कलियर क्षेत्रान्तर्गत विभिन स्थानों से गुरुवार देर रात 173 जमातियों को लाया गया। जिनको अलग-अलग गेस्ट हाउसों में रखा गया है। 70 को हसन साबरी गेस्ट हाउस, 69 को मीनार होटल, 19 को बुलन्द गेस्ट हाउस, 11 को प्रिंस होटल, 04 को साबरी आकिल गेस्ट हाउस में रखा गया है।
- भारतीय स्टेट बैंक की रानीखेत शाखा में खोले गए एक हजार से अधिक जनधन खातों में शुक्रवार को पांच-पांच सौ रुपये की आर्थिक मदद पहुंच गई है। केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार बागेश्वर जिले के सभी 36 हजार जनधन खातों में रकम आ गई है। महिलाओं के खाते में 500 रुपये तो बुजुर्ग और विधवाओं के खाते में एक हजार रुपये की रकम आई है। शुक्रवार को बैंकों में काफी कम भीड़ रही। सोशल डिस्टेंस का भी पालन किया गया।
- श्रीनगर में विभिन्न स्थानों से तब्लीगी जमात से लौटे पांच लोग क्वारंटीन सेंटर में रखे गए हैं। छह लोग 22 फरवरी को श्रीनगर से टिहरी गए थे। 15 मार्च को वह साहनपुर बिजनौर चले गए। यहां से पांच लोग 29 मार्च को सब्जी के ट्रक में बैठकर वापस लौट आये। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
जमाती क्वारंटीन में रखे गए
- राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में इस वक्त कोरोना के संदिग्ध 15 मरीजों का क्वारंटीन वार्ड में अलग-अलग केबिनों में उपचार चल रहा है। इनमें 10 मरीज जमाती हैं, जिन्हें बृहस्पतिवार रात पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घरों से अस्पताल पंहुचाया था। इन सभी के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जबकि आइसोलेशन वार्ड में तीन पॉजिटिव जिनमें एक अमेरिकी नागरिक, 01 ट्रेनी आईएफएस और दुबई से लौटा सेलाकुई निवासी एक युवक शामिल है। उनका उपचार चल रहा है।
- रुद्रपुर में लॉकडाउन के दौरान किराना की दुकान खोलने पर पुलिस ने दुकान स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आवास विकास में पेट्रोलिंग के दौरान श्याम टाकीज रोड स्थित रविंद्रनगर में एक किराना की दुकान खुली मिली। पूछताछ में दुकान मालिक ने अपना नाम रविंद्रनगर निवासी तपन कल्लू पुत्र विनय कल्लू बताया। आवास विकास चौकी प्रभारी धीरज वर्मा ने बताया कि लॉकडाउन के आदेशों की अवहेलना करने पर दुकान मालिक तपन के खिलाफ धारा 188 का मुकदमा दर्ज किया गया है। बाद में उसे धारा 41 का नोटिस देकर घर भेज दिया गया है।
- ऊधमसिंह नगर के जसपुर में बैंकों के आगे काफी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करते नहीं दिखे। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को संभाला। दो बाइकों का चालान भी किया गया।
- हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में बने शेल्टर होम में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां महिला अस्पताल के बाहर लगी सब्जी व फल के ठेलों पर भी सोशल डिस्टेंस नहीं दिखाई दे रहा है।
- रानीखेत में कोरोना के संक्रमण जैसे लक्षण दिखने पर एक और संदिग्ध को आइसोलेट किया गया है। स्याल्दे के कल्याणपुर गांव निवासी 45 वर्ष का यह व्यक्ति 20 मार्च को जयपुर से लौट था। बुखार और जुकाम की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे आइसोलेट किया है। नमूना जांच के किये हल्द्वानी भेज गया है।
- कोरोना से जंग के लिए 24 घंटे पालिका, व्यापार मंडल मंडल की रसोई चल रही है। पालिका कर्मचारी 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पालिया के टाउन हॉल में रोजाना डेढ़ सौ से अधिक लोगों के लिए भोजन बनाया जा रहा है, जिसे बाहर से आए मजदूरों किया जाता है।
- ऋषिकेश में स्थानीय लोगों के साथ विदेश पर्यटक सब्जी खरीदते दिखाई दिए। यहां एटीएम के बाहर कहीं-कहीं लंबी लाइन दिखाई दी।
- पंतनगर में क्वारंटीन हुए तीन पॉजिटिव जमातियों को हल्द्वानी ले जाया जा रहा है। एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि पुलिस टीम को महानिदेशक ने 20 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। बताया कि जमातियों को पकड़ने वाले 06 पुलिस कर्मियों को क्वारंटीन करने की कार्रवाई की जा रही है।
- लॉकडाउन के दौरान लोगों की सुविधा को देखते हुए देहरादून में बैंक खुलने के समय में परिवर्तन किया गया है। शुक्रवार से सभी बैंक और एटीएम सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक जनता के लेनदेन के लिए खुलेंगे। इसके बाद पांच बजे तक बैंक अपने काम कर सकेंगे। आज बैंक खुलने के बाद लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। बैंकों में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी रखा जा रहा है।
- हरिद्वार के गैंडीखाता गुज्जर बस्ती में पुलिस प्रशासन की टीम को दिल्ली, देवबंद और अन्य स्थानों लौटकर आए 98 जमाती मिले हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। गांव में आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
- दिल्ली की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ असम निवासी जमाती हरिद्वार के मेला अस्पताल में भर्ती है। उसने दोबारा भागने का प्रयास किया। गुरुवार आधी रात को वह अपने वार्ड से अचानक गायब हो गया। ढूंढने के बाद वह बाथरूम में छिपा मिला। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
- लॉकडाउन के दौरान आज बागेश्वर में कम लोग घर से बाहर निकले। देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, पिथौरागढ़, रामनगर सहित लगभग सभी इलाकों में बेहद कम लोग सड़क और दुकानों पर दिखाई दिए, लेकिन बैंकों के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दी।