Uttarakhand Lockdown : लॉकडाउन को लेकर लोग अभी भी लापरवाह, पुलिस ड्रोन से कर रही गश्त
काशीपुर में लॉकडाउन को लेकर लोग अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। जबकि पुलिस लगातार घरों के अंदर रहने की अपील कर रही है। बुधवार देर शाम कटोराताल रोड पर पुलिस ने सड़क पर घूम रहे बाइक चालकों पर लाठी फटकारी। पुलिस की जीप आते ही घरों के बाहर निकले लोग भागकर अंदर चले गए।
इस बीच कटोराताल पुलिस चौकी के पास दो बाइक सवारों को पुलिस ने लाठियां फटकार कर वहां से भगा दिया। पुलिस के जाने के बाद फिर से लोग घरों से बाहर नजर आने लगे। पुलिस लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों पर सख्त नजर आ रही है।
सीओ ने आईटीआई थाना के एसओ कुलदीप सिंह अधिकारी के साथ मिलकर जसपुर खुर्द ओर महुआखेड़ा गंज में गश्त कर ड्रोन से तस्वीरें ली। घर से बाहर निकले लोगों को सख्त करवाई की चेतावनी दी। लोगों से लॉकडाउन के दौरान घर में रहने की अपील की।
काजीबाग मस्जिद समिति ने सराहनीय की पहल
कोरोना की रोकथाम के लिए काशीपुर की काजीबाग मस्जिद समिति ने सराहनीय पहल की है। मस्जिद समिति ने ग्राम धीमरखेड़ा स्थित अपनी साढ़े आठ एकड़ भूमि क्वारन्टीन सेंटर अथवा अन्य उपयोग में लेने की पेशकश की है।
मोहल्ला काजीबाग स्थित मस्जिद की भूमि धीमरखेड़ा में है। मस्जिद के सदर अब्दुल मालिक के प्रस्ताव पर समिति ने उक्त भूमि कोविड 19 की रोकथाम हेतु उपयोग में लाने की पेशकश की है। समिति के सचिव अली अनवर ने बताया कि यह भूमि आबादी से बाहर है।
मुख्यमंत्री व राज्यपाल को भेजे प्रस्ताव में मस्जिद की प्रबंध समिति ने कहा है कि सरकार चाहे तो अपने खर्च पर उक्त भूमि का उपयोग कोरोना संदिग्धों के लिए क्वारन्टीन सेंटर स्थापित करने अथवा किसी अन्य उपयोग में ले सकती है। मस्जिद समिति ने इस प्रस्ताव की प्रति केन्द्रीय स्वस्थ मंत्रालय को भी भेजी है।