Lockdown: अमर उजाला की पड़ताल में सामने आई हकीकत, बाजार में आटा चावल की कमी नहीं, फिर भी मची मारामारी
- लॉक डाउन के दौरान भी पर्याप्त हो रही आपूर्ति, आढ़तियों के पास स्टॉक भी कम नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लॉक डाउन के दौरान इन दिनों बाजार में सबसे ज्यादा मारामारी आटा-चावल को लेकर हो रही है। कई जगह आटा ना होने की बात कही जा रही है तो कुछ जगह मनमानी कीमतें वसूले जाने की भी चर्चाएं हैं। अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में इसकी पड़ताल की। इस दौरान यह बात सामने आई कि बाजार में आटा चावल की कोई कमी नहीं है।
आढ़तियों के पास भी आटा, चावल और दालों का पर्याप्त स्टॉक है। हालांकि इसके बावजूद ग्राहकों में मारामारी जरूर है। लोग जल्दी से जल्दी और ज्यादा से ज्यादा राशन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। उनमें से कुछ लोग ऐसे भी हैं जो जरूरत के मुताबिक ही सामान खरीद रहे हैं। वहीं, कुछ लोग घर में राशन जमा भी करने लगे हैं। प्रशासन की सख्ती के बाद अब बढ़ी कीमतों पर भी अंकुश लग गया है। ज्यादातर दुकानदार तय कीमत पर ही सामान बेच रहे हैं।
ये है स्थिति
-इंजीनियर एनक्लेव स्थित गोवर्धन जनरल स्टोर में खुला आटा 35 रुपये किलो मिल रहा है। 10 किलो आटे का कट्टा 340 रुपये में बिक रहा है। दुकान पर पांच किलो के कट्टे नहीं हैं लेकिन खुला आटा और 10 किलो के कट्टे पर्याप्त मात्रा में है। सामग्री की रेट लिस्ट दुकान में नहीं लगी है।
- जीएमएस रोड व्योमप्रस्थ स्थित गुप्ता स्टोर में भी आटा और चावल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। स्टोर संचालक दीपक गुप्ता ने बताया कि आमतौर पर पांच या 10 किलो का कट्टा ले जाने वाले कई लोग भी इन दिनों 50 किलो का कट्टा ले रहे हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो पहले जितना ही राशन ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि आटा चावल पर्याप्त मात्रा में आ रहा है, इसलिए फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है।
-करगी रोड स्थित बंसल प्रोविजनल स्टोर के नरेश बंसल ने बताया कि आटा और चावल प्रशासन की ओर से तय कीमतों पर ही बेचा जा रहा है। ज्यादातर लोग अपनी जरूरत के मुताबिक ही सामान ले रहे हैं। ऐसा जरूर है कि कुछ लोगों ने इन दिनों ज्यादा राशन लेना शुरू कर दिया है।
- मोहब्बेवाला स्थित डेली नीड्स स्टोर के सुमित ने बताया कि आटा चावल की कोई कमी नहीं है। पैकेट वाला आटा चावल एमआरपी पर बेचा जा रहा है। वहीं खुला सामान क्वालिटी के हिसाब से प्रशासन की ओर से तय कीमतों पर ही दिया जा रहा है। आटा चावल की कोई कमी नहीं है। लेकिन कई लोग ज्यादा खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा भी हो सकता है कि कुछ लोग घर में राशन जमा कर रहे हों।
- चुक्खूवाला स्थित अग्रवाल प्रोविजनल स्टोर के मालिक दीपक अग्रवाल ने बताया कि मोहल्ले के ज्यादातर लोग एक बार में ही महीने भर का राशन लेते हैं। अब भी ज्यादातर लोग ऐसा ही कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने दो या तीन महीने का राशन भर लिया है।
प्रशासन की ओर से तय दाम
वस्तु- कीमत प्रति किलो
चावल साधारण- 28 से 32 रुपये
मसूर दाल- 70 से 75 रुपये
अरहर दाल- 90 से 95 रुपये
चना दाल- 65 से 70 रुपये
आटा (मिल)- 26 रुपये
आटा (चक्की)- 29 रुपये
चीनी- 36 से 39 रुपये
सरसों तेल- 87 से 100 रुपये
मलका दाल- 74 रुपये