कोटद्वार सेना भर्ती 2020: पहले दिन 2744 युवाओं में से केवल 522 ही पूरी कर सके दौड़
- सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी भर्ती, 20 दिसंबर को सुबह पांच बजे से काशीरामपुर से शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया
विस्तार
उत्तराखंड के कोटद्वार के कौड़िया स्थित विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैंप में आयोजित सेना भर्ती रैली शुरू हो गई। भर्ती के पहले दिन उत्तरकाशी जिले की आठ तहसील क्षेत्र के 2744 युवाओं ने सेना में भर्ती के लिए दमखम दिखाया, जिसमें से मात्र 522 युवाओं ने ही सेना में पहुंचने के लिए 1600 मीटर दौड़ की पहली सीढ़ी पार की।
रविवार को सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत वाजपेयी के मार्ग दर्शन में 14 दिवसीय भर्ती रैली शुरू हो गई। रैली के पहले दिन उत्तरकाशी जनपद के पुरोला, मोरी, राजगड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी और बड़कोट तहसील के युवाओं ने भर्ती रैली में प्रतिभाग किया। भर्ती के लिए उक्त तहसीलों से 3202 युवाओं ने ऑन लाइन आवेदन किया था, लेकिन 2744 युवा ही भर्ती में शामिल हुए।
रविवार तड़के पांच बजे से कोटद्वार के काशीरामपुर तल्ला से गबर सिंह कैंप में भर्ती के लिए प्रवेश करने के लिए युवाओं लाइन लग गई। सबसे पहले युवाओं की कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट देखी गई। इसके बाद प्रवेश पत्रों और बार कोड की जांच करने के बाद प्रारंभिक ऊंचाई जांच में कई युवा बाहर हो गए।
ऊंचाई में सही पाए जाने वाले युवा गबर सिंह कैंप के बलवीर सिंह स्टेडियम में 1600 मीटर दौड़ के लिए पहुंचे। भर्ती अधिकारियों ने करीब 200 के समूह में युवाओं की दौड़ कराई, लेकिन सेना द्वारा निर्धारित समय में 2744 में से मात्र 522 युवा ही दौड़ पूरी करने में सफल रहे।
.
सोमवार को इस क्षेत्र के युवाओं की होगी भर्ती
21 दिसंबर को उत्तरकाशी जिले की बड़कोट तहसील और रुद्रप्रयाग जिले की उखीमठ, जखोली, बसुकेदार तहसील की भर्ती आयोजित की जाएगी।
कब किस जिले और तहसील की होगी भर्ती
- 20 दिसंबर- उत्तरकाशी जिले की तहसील पुरोला, मोरी, राजगड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, बड़कोट।
- 21 दिसंबर- उत्तरकाशी में तहसील बड़कोट और रुद्रप्रयाग जिले की उखीमठ, जखोली, बसुकेदार तहसील।
- 22 दिसंबर- रुद्रप्रयाग जिले की रुद्रप्रयाग और टिहरी के घनसाली, देवप्रयाग तहसील।
- 23 दिसंबर- टिहरी जिले की प्रतापनगर, टिहरी, धनौल्टी, जखनीधार, नरेंद्रनगर तहसील।
- 24 दिसंबर- टिहरी की कंडीसौड़ गजा, गजा, कंडीसौड़, कीर्तिनगर, और चमोली जनपद के थराली, गैरसैंण, आदिबदी तहसील।
- 25 दिसंबर- चमोली जिले की जोशीमठ, चमोली, कर्णप्रयाग, देवल, नारायड़बगड़, जलासू, नंदप्रयाग, घाट तहसील।
- 26 दिसंबर- चमोली की पोखरी और पौड़ी जनपद के पौड़ी, जाखनीखाल, बीरोंखाल तहसील।
- 27 दिसंबर- लैंसडौन, सतपुली, श्रीनगर तहसील।
- 28 दिसंबर- थैलीसैंण, धुमाकोट, चौबटाखाल तहसील।
- 29 दिसंबर- कोटद्वार, यमकेश्वर, चाकीसैंण तहसील।
- 30 दिसंबर- हरिद्वार जिले के रुड़की, हरिद्वार, भगवानपुर तहसील।
- 31 दिसंबर- हरिद्वार जिले की लक्सर और देहरादून जिले की देहरादून तहसील।
- 01 जनवरी 2021- देहरादून जिले की चकराता, विकासनगर, त्यूूणी तहसील।
- 02 जनवरी 2021- देहरादून जिले की ऋषिकेश, डोईवाला, कालसी तहसील।
युवाओं की मदद को आगे आए भाजयुमो और एबीवीपी
गबर सिंह कैंप में आयोजित भर्ती रैली में पहुंच रहे युवाओं की मदद के लिए भाजयुमो व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संगठन आगे आया है। संगठनों की ओर से युवकों को निशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था कराई जा रही है।
रविवार को नजीबाबाद रोड पर नारायण होटल के पास भाजयुमो के निशुल्क भोजन और आवास व्यवस्था का वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने शुभारंभ किया। वन मंत्री ने युवाओं को भोजन बांटा।
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सौरभ नौडियाल ने बताया कि भर्ती के पहले दिन उत्तरकाशी जिले के करीब 1200 युवाओं को निशुल्क भोजन कराया गया। 300 युवाओं को ठहराने की व्यवस्था शिशु विद्या मंदिर काशीरामपुर तल्ला में की गई है।