डेंगू की चपेट में उत्तराखंड, रोगियों की संख्या पांच सौ के पार
उत्तराखंड में डेंगू रोगियों की संख्या पांच सौ के पार पहुंच गई है। शनिवार को कुल डेंगू रोगियों की संख्या 502 तक पहुंच गई। इसमें से 482 मरीज राजधानी देहरादून और 20 मरीज नैनीताल जिले के हैं। उत्तर प्रदेश से पहुंचे दो मरीजों में भी डेंगू की पुष्टि हुई है।
प्रदेश में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शनिवार को राजधानी में डेंगू के 23 नए मामले सामने आए। जिसके बाद डेंगू रोगियों की संख्या 482 तक पहुंच गई। इनमें से 152 रोगी अकेले पथरीबाग क्षेत्र में मिले हैं।
सीएमओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी में अब तक कुल 6122 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जबकि पथरीबाग क्षेत्र में 1054 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। शनिवार को 241 सैंपल की जांच की गई।
प्रदेशभर में अभी तक लिए 6323 लोगों के सैंपल
देहरादून में कांवली रोड, रेसकोर्स, गांधी रोड, ब्रह्मपुरी, चंदर रोड, शिमला बाईपास, लक्खीबाग, करनपुर, प्रकाश नगर, चंद्रबनी, डीएल रोड, चुक्खूवाला, किशन नगर, चंदन नगर और पटेलनगर क्षेत्र के रोगी शामिल हैं। वहीं प्रदेशभर में अभी तक 6323 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक डा. एससी पंत ने कहा कि डेंगू से नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जा रहे हैं। सभी सीएमओ को डेंगू से बचाव और नियंत्रण के लिए फॉगिंग, दवा व कैमिकल छिड़काव को कहा गया है। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था और जलभराव का प्रबंधन करने को कहा गया है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
डेंगू समेत अन्य बीमारियों से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा महानगर मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय में प्रदर्शन किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह स्वेडिया के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि विभागीय लचर कार्यप्रणाली के कारण ही मरीजों को दिक्कत हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में ऋषभ पाल, विशाल गुप्ता, विपिन खंडूडी, हिमांशु, अनमोल, अमित राणा, मनोज जाटव समेत अन्य मौजूद रहे।