दो समुदाय के प्रेमी जोड़े ने रचाई शादी, हाईकोर्ट ने पुलिस को सुरक्षा मुहैया कराने के दिए निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चार दिन से ज्वालापुर क्षेत्र से लापता बीकॉम की छात्रा और एलएलबी के छात्र के मामले में नया मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छात्रा ने युवक के साथ जुलाई महीने में बिजनौर के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।
दूसरी तरफ अलग अलग समुदाय से ताल्लुक रखने वाले दंपति को उच्च न्यायालय नैनीताल ने सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश पुलिस को दिए हैं। हालांकि दोनों फिलहाल कहां है, इस संबंध में स्थानीय पुलिस को कुछ पता नहीं है। पुलिस का कहना है कि जब दंपति संपर्क करेगा तब उन्हें उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सुरक्षा मुहैया करा दी जाएगी।
मालूम हो कि 28 नवंबर को ज्वालापुर क्षेत्र निवासी गैर हिंदू समुदाय की एक छात्रा ट्यूशन के बहाने घर से निकली और शाम को घर नहीं लौटी। अगले दिन छात्रा के परिजनों ने ज्वालापुर कोतवाली में हंगामा काटा और क्षेत्र के ही एलएलबी के छात्र पर बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस तब से दोनों की तलाश में जुटी थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।
अब यह सामने आया कि छात्रा अलीशा ने जुलाई में नजीबाबाद (बिजनौर) के आर्य समाज मंदिर में प्रेमी गगन से शादी कर ली थी और अब उसकी पहचान अदिति के तौर पर होती है। पिछले चार दिन से ज्वालापुर क्षेत्र से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। दोनों लोग अलग अलग समुदाय से ताल्लुक रखते हैं लिहाजा पुलिस फूंक फूंक कर कदम रख रही थी।
पुलिस छात्रा को बरामद कर ही पाती कि हाईकोर्ट में छात्रा ने अपनी और अपने पति गगन की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मुहैया कराने के लिए याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट ने इस संबंध में हरिद्वार पुलिस से पूरी विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस ने रिपोर्ट भी भेज दी। शनिवार को छात्रा की याचिका पर हुई सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोनों लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है।
एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि दोनों लोगों सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश हाईकोर्ट ने दिया है लेकिन अभी वह लोग संपर्क में नहीं हैं। वहीं छात्रा और एलएलबी के छात्र युवक का आर्य समाज मंदिर नजीबाबाद से जारी विवाह करने का प्रमाणपत्र सामने आया है। युवती ने अपना नाम अलीशा उर्फ अदिति लिखा है और जुलाई माह में शादी होने की बात सामने आई है।