{"_id":"603a7e662e5b0a45f41bdcfa","slug":"uttarakhand-government-released-website-for-registration-of-pilgrims-coming-to-kumbh-mela","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाकुंभ: तीर्थ यात्रियों के लिए वेबसाइट जारी, बिना पंजीकरण हरिद्वार में नहीं मिलेगा प्रवेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महाकुंभ: तीर्थ यात्रियों के लिए वेबसाइट जारी, बिना पंजीकरण हरिद्वार में नहीं मिलेगा प्रवेश
Sat, 27 Feb 2021 10:46 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Vikas Kumar
Updated Sat, 27 Feb 2021 10:46 PM IST
सार
-मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने जारी की एसओपी
-मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए अनिवार्य होगा पंजीकरण
-पंजीकरण के बाद जारी होगा ई-पास व ई-परमिट
विज्ञापन
हरिद्वार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तराखंड सरकार ने तीर्थ नगरी हरिद्वार में जल्द शुरू होने वाले कुंभ मेले में आने वाले तीर्थ यात्रियों के पंजीकरण की वेबसाइट जारी कर दी है। इस संबंध में मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने एसओपी (मानक परिचालन प्रक्रिया) जारी कर दी है। मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को इस वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण अनिवार्य तौर पर कराना होगा। पंजीकरण के बाद उन्हें जो ई-पास या ई-परमिट मिलेगा, उसी से लोग हरिद्वार की सीमा में प्रवेश कर सकेंगे।
विज्ञापन
हरिद्वार महाकुंभ के लिए पहले केंद्र सरकार ने एसओपी जारी की थी। इसके बाद नौ फरवरी को राज्य सरकार ने विस्तृत एसओपी जारी की थी। इसमें स्पष्ट किया गया था कि महाकुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों को वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। शनिवार को मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कोरोना से बचाव के मद्देनजर एक और एसओपी जारी की। इसमें महाकुंभ में शामिल होने के लिए वेबसाइट जारी की गई है। इस वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन के दौरान संबंधित दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। इसके बाद ई-पास या ई-परमिट जारी हो जाएगा। एसओपी के मुताबिक, महाकुंभ में प्रवेश के लिए 72 घंटे के भीतर की कोविड नेगेटिव रिपोर्ट, ई-पास या ई-परमिट और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य होगा।
विज्ञापन
इन वेबसाइटों पर कराएं कुंभ मेले के लिए पंजीकरण
https://www.haridwarkumbhmela2021.com
https://haridwarkumbhpolice2021.com
विदेशों से आने वालों को माननी होगी केंद्र की गाइडलाइन
एसओपी में यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि जो श्रद्धालु विदेशों से कुंभ मेले में आएंगे, उन्हें केंद्र सरकार व राज्य सरकार की एसओपी का पूर्ण अनुपालन करना होगा। जिसके बाद ही उन्हें हरिद्वार कुंभ मेले में आने की अनुमति दी जाएगी। गौरतलब है कि कुंभ मेले में हर बार विदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
विज्ञापन
दस्तावेज दिखाने पर ही हरिद्वार में मिलेगा प्रवेश
हरिद्वार की सभी सीमाओं पर बने चेकपोस्टों पर इन तीनों दस्तावेज को दिखाने के बाद ही प्रवेश मिल पाएगा। इसके अलावा, तीर्थयात्री जिस भी होटल, धर्मशाला में ठहरेंगे, वहां कुंभ मेला प्रशासन की टीमें औचक निरीक्षण करेंगी। जिसके पास ई-पास, कोविड रिपोर्ट, मेडिकल सर्टिफिकेट न मिला, उसके खिलाफ कोविड महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। आपदा प्रबंधन सचिव एसए मुरूगेशन ने बताया कि यह एसओपी सभी राज्यों को भी भेजी जाएगी। इसका प्रचार प्रसार व्यापक पैमाने पर किया जाएगा ताकि लोग बिना पंजीकरण महाकुंभ न आएं।