उत्तराखंड चुनाव 2022: राजनीति नहीं काम करें, हम 48 घंटे में बना देंगे रानीपोखरी का पुल- अजय कोठियाल
आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्याशी कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने सरकार को दलगत राजनीति से हटकर लोगों की समस्या को देखने का सुझाव दिया। कहा है कि अगर सरकार उन्हें मौके दे तो वह 48 घंटों में रानीपोखरी पुल का निर्माण कर सकते हैं।
विस्तार
रानीपोखरी में पुल टूटने के बाद आवाजाही के लिए बनाए अस्थाई रास्ते के तीसरी बार बह जाने से स्थानीय लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्याशी कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने एक बार फिर सरकार से दलगत राजनीति से हटकर लोगों की समस्या को देखते हुए पुल बनाने का सुझाव दिया।
वैली ब्रिज का निर्माण 48 घंटे में कर सकते हैं
कर्नल कोठियाल ने कहा अगर सरकार उनको मौका देती है तो 48 घंटे में इस पुल का निर्माण कर सकते हैं। ताकि आम जनता को समस्या ना हो। कर्नल कोठियाल ने कहा वह पहले दिन से ही सरकार को सुझाव दे रहे हैं कि उनको मौका मिले तो वो वैली ब्रिज का निर्माण 48 घंटे में कर सकते हैं, लेकिन सरकार खामोश है।
उत्तराखंड चुनाव 2022: प्रीतम और किशोर ने हरीश पर साधा निशाना, कहा- ‘बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते’
सरकार की ओर से बनाया गया अस्थाई रास्ता कई बार बह चुका है। कर्नल कोठियाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी जो दावा करती है, उसको पूरा करने का दम भी रखती है। उन्होंने केदारनाथ आपदा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि केदारनाथ जैसी भयंकर आपदा के दौरान उन्होंने स्थानीय युवाओं की मदद से कई बड़े निर्माण करने में सफलता हासिल की है।
आप नेताओं के रिश्तेदार नहीं आम जनता को देगी रोजगार
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय भट्ट ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की भ्रष्टाचार रहित विचारधारा से कांग्रेस और बीजेपी में बौखलाहट है। जब से उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार गारंटी की बात कही, तब से प्रदेश के विपक्षी दलों में खलबली मच गई है।
अब विपक्षी दल अपनी सियासी जमीन खिसकती देख युवाओं को गुमराह करने के लिए अनर्गल बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाते हुए बैकडोर एंट्री को बंद किया जाएगा।
ताकि नेताओं के रिश्तेदारों और करीबियों को नहीं बल्कि आम आदमी को रोजगार मिले। आप प्रवक्ता भट्ट ने कई पूर्व मंत्रियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मनमर्जी से नौकरियां दी हैं, आम आदमी आज भी नौकरियों से वंचित है। इस दौरान पत्रकार वार्ता में उपमा अग्रवाल, सुशील सैनी भी मौजूद रहे।