Uttarakhand Election 2022: उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के इस एलान से भाजपा-कांग्रेस में हलचल
उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री सीट से आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) को प्रत्याशी बनाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के एक एलान से भाजपा और कांग्रेस में हलचल पैदा हो गई है। दरअसल, उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री सीट से आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) को प्रत्याशी बनाया है। जिसके बाद से भाजपा व कांग्रेस में हलचल मच गई है। प्रदेश की सियासत में खुद को तीसरा विकल्प मान रही आम आदमी पार्टी 2022 के चुनाव में सरकार बनाने का दावा कर रही है।
मनीष सिसोदिया ने किया एलान
उत्तरकाशी दौरे पर आप नेता एवं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कोठियाल के गंगोत्री से चुनाव लड़ने का एलान किया। सिसोदिया ने यह भी आह्वान किया कि इस बार कर्नल कोठियाल को चुनकर उत्तराखंड नवनिर्माण करने वाली सरकार दें।
इससे पहले भी विधायक गोपाल सिंह रावत के निधन के बाद गंगोत्री सीट पर उप चुनाव कराने के लिए आप पार्टी ने कर्नल कोठियाल को प्रत्याशी घोषित कर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।
Uttarakhand Election 2022: भाजपा की 3.5 लाख नए वोटरों पर भी नजर, नाम शामिल कराने में जुटी पार्टी
कर्नल कोठियाल पहले से ही उत्तरकाशी में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) में बतौर प्राचार्य अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने बड़ी संख्या में युवाओं को सेना में जाने का प्रशिक्षण भी दिया।
गंगोत्री से जो जीता, उसकी पार्टी की बनी सरकार
गंगोत्री सीट पर वर्ष 2017 के चुनाव में गोपाल सिंह रावत ने चुनाव जीता था। कुछ माह पहले उनका निधन हो गया था। इस सीट पर भाजपा से कौन चुनाव लड़ेगा यह तय नहीं है, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के पास एक दर्जन से अधिक दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं। जिसमें स्व.गोपाल सिंह रावत की धर्मपत्नी भी शामिल हैं।
वहीं, कांग्रेस के टिकट पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ही चुनाव लड़ते आए हैं। दो बार इस सीट से विधायक भी रहे। अभी तक उन्हें ही कांग्रेस का संभावित प्रत्याशी माना जा रहा है।
चला आ रहा है यह मिथक
उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री विधानसभा सीट को लेकर भी एक मिथक चला आ रहा है। यहां से जिस पार्टी का विधायक चुनाव जीतता है, उसकी पार्टी की ही सरकार बनती है। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद 2002 में पहला विधानसभा चुनाव हुआ। गंगोत्री सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विजयपाल सजवाण ने जीत हासिल की और सरकार कांग्रेस की बनी।
2007 में भाजपा प्रत्याशी गोपाल सिंह रावत ने चुनाव जीता और भाजपा सत्ता में आई। 2012 में फिर विजयपाल सजवाण ने कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीता। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। 2017 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गोपाल सिंह रावत ने चुनाव जीता और भाजपा सत्ता में आई।