उत्तराखंड चुनाव 2022: अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से लिया सियासी फीडबैक, बताई चुनावी रणनीति
रविवार को केजरीवाल सुबह साढ़े दस बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
विस्तार
एक दिन के दौरे पर दून पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सियासी फीडबैक लिया और आगामी चुनाव रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के टिप्स दिए।
उत्तराखंड चुनाव 2022ः वोट साधने उत्तराखंड पहुंचे अरविंद केजरीवाल, की ये चार बड़ी घोषणाएं
केजरीवाल का काफिला सीधे राजपुर रोड स्थित एक होटल पहुंचा। दोपहर 12.45 बजे हरिद्वार बाईपास स्थित होटल में प्रेसवार्ता करने के बाद फिर राजपुर रोड होटल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, आप नेता कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ सियासी फीडबैक लिया। पार्टी पहले ही 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। इसके लिए पार्टी प्रत्येक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है। केजरीवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों व विधानसभा प्रभारियों का परिचय लिया।
उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पार्टी नीतियों को लेकर घर-घर तक पहुंचाएं। साथ ही लोगों के साथ नियमित संपर्क कर समस्याओं को उठाएं। हालांकि केजरीवाल के कार्यक्रमों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को दूर ही रखा गया। चुनिंदा पदाधिकारियों को ही उनके मिलने की अनुमति दी गई। उत्तराखंड में अरविंद केजरीवाल का ये तीसरा दौरा है। जबकि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड आए हैं।
रोजगार के लिए तैयार कर रहे योजना, जल्द सामने रखेंगे
प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा चरम पर है। भाजपा सरकार ने छह माह के भीतर 22 हजार भर्तियां करने की जो कवायद शुरू की है, उस हिसाब से अब आम आदमी पार्टी के सामने भी बेरोजगारी खत्म करने की योजना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। रविवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस सवाल का जवाब दिया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमारी पूरी टीम बेरोजगारी को लेकर अपना अध्ययन कर रही है।
इसके बाद एक पूरी रिपोर्ट और उस आधार पर विस्तारित कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब अगली बार उत्तराखंड आएंगे तो जनता के सामने साफतौर पर बेरोजगारी खत्म करने की आम आदमी पार्टी की मुहिम की जानकारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मकसद है कि प्रदेश का ज्यादा से ज्यादा युवा रोजगार से जुड़ा हो।
हम चोरी नहीं करते, जनता की मदद से आगे बढ़ते हैं
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए दस-दस रुपये चंदा एकत्र करने के सवाल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम चोरी नहीं करते। जनता की मदद से ही जनता के लिए आगे बढ़ते हैं। उत्तराखंड में भी इसी तरह से आगे बढ़ने वाले हैं।
दिल्ली में दे दिया तो यहां भी कर देंगे फ्री बिजली का इंतजाम
जब उनसे सवाल किया गया कि उत्तराखंड तो पहले से ही घाटे में चल रहा है तो उन्होंने कहा कि जब उन्होंने दिल्ली में कुर्सी संभाली थी तो वह भी घाटे में था। आज वह देश का अकेला ऐसा राज्य है जो कि प्रॉफिट में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमने 60 हजार करोड़ रुपये में से 2200 करोड़ रुपये खर्च कर फ्री बिजली दे दी, उसी तरह हम उत्तराखंड में भी 50 हजार करोड़ में से महज 1200 करोड़ खर्च कर मुफ्त बिजली देंगे।