उत्तराखंड: अयोध्या में अतिथि गृह, रुद्रपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए कवायद तेज, तैयारी में जुटा विभाग
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में दोनों योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, अयोध्या में बनने वाला उत्तराखंड का राज्य अतिथि गृह की कल्पना ऐसे भवन के रूप में की गई है, जहां प्रवेश करते ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता की झलक दिखाई दे।
विस्तार
अयोध्या में 67.83 करोड़ रुपये की लागत से राज्य अतिथि गृह और ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये से आधुनिक इंडोर व आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। दोनों योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग ने कवायद तेज कर दी है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में दोनों योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, अयोध्या में बनने वाला उत्तराखंड का राज्य अतिथि गृह की कल्पना ऐसे भवन के रूप में की गई है, जहां प्रवेश करते ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता की झलक दिखाई दे। उन्होंने भवन के डिजाइन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता देने के निर्देश दिए। भवन की आंतरिक सज्जा में भी उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को प्रमुखता मिलेगी। खास बात यह है कि भवन के अलग-अलग तल थीम आधारित होंगे। ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखर जैसे उत्तराखंड के प्रमुख प्राकृतिक व सांस्कृतिक प्रतीकों को भवन की थीम का हिस्सा बनाने की योजना है।
बरात घर की जगह बनेगा बेहतर अतिथि गृह
प्रस्तावित भवन की मूल योजना में शामिल बरात घर को हटाने का निर्णय भी लिया गया। इसके स्थान पर भवन को पूरी तरह अतिथि गृह के निर्धारित मानकों और आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। भवन की गुणवत्ता, उपयोगिता और आकर्षक स्वरूप पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। बैठक में अपर सचिव राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी के अलावा कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी मौजूद रहे।
चारधाम यात्रा: गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया नया रिकॉर्ड; पहली बार 7.87 लाख ने किए दर्शन
मोदी मैदान में खेलों का नया हब
रुद्रपुर में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया जा रहा है। प्रस्तावित इंडोर व आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संशोधित प्रस्ताव को विभागीय व्यय समिति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है। परियोजना की अनुमानित लागत 23.32 करोड़ की गई है। इंडोर परिसर में पहले प्रस्तावित स्क्वैश और बिलियर्ड्स को हटाकर जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन को शामिल किया गया है। वहीं आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं विकसित होंगी। इसके साथ एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी के दिशानिर्देशों के अनुरूप राज्य की विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर विशेष फोकस है। अयोध्या में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
-डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग