उत्तराखंड: हरक से बोले हरीश रावत, आपदा में तो सांप और नेवला भी एक हो जाते हैं, आप तो मेरे भाई हैं
हरीश रावत ने बातचीत की शुरुआत में ही ‘आपदा में तो सांप और नेवला भी एक हो जाते हैं, आप तो मेरे भाई हैं..’ कहकर दोनों के बीच कई दिनों से जारी सियासी कड़वाहट को खत्म करने की कवायद को एक दिशा दे दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अब तक मीडिया और सोशल मीडिया के जरिये संवाद के सिलसिले को गति दे रहे पूर्व सीएम हरीश रावत और वन मंत्री हरक सिंह रावत की रविवार को टेलीफोन पर बात भी हो गई। बातचीत का मकसद भले ही रामनगर के आपदाग्रस्त चुकुम गांव में राहत और बचाव कार्य पर फोकस रहा हो मगर हरीश रावत ने बातचीत की शुरुआत में ही ‘आपदा में तो सांप और नेवला भी एक हो जाते हैं, आप तो मेरे भाई हैं..’ कहकर दोनों के बीच कई दिनों से जारी सियासी कड़वाहट को खत्म करने की कवायद को एक दिशा दे दी।
रविवार को हरीश रावत रामनगर के चुकुम गांव में आपदा प्रभावितों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान हरीश रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को वन मंत्री हरक सिंह रावत को फोन लगाने के लिए कहा। बातचीत शुरू होते ही हरीश रावत ने हरक से चुकुम और सुंदरखाल गांव के ग्रामीणों की मदद करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वह (हरक सिंह) सत्ता में बैठे हैं। वह कुछ कर सकने में सक्षम हैं, इसलिए वह एक बार इन गांवों का दौरा करें और ग्रामीणों के विस्थापन में मदद करें। हरीश रावत की फोन पर हुई बातचीत के फिर से सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं। यह बातचीत तब हुई है जब वन मंत्री हरक सिंह रावत की ओर से पूर्व सीएम हरीश रावत से माफी मांगने की बात वायरल हुई थी।
दल बदल प्रथा को रोकना होगा: रावत
ढिकुली पहुंचे हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड को उत्तर पूर्व या गोवा की स्थिति में आने से बचाना होगा। इसके लिए आवश्यक है कि हमें दल बदल प्रथा को रोकना होगा। हरदा ने कहा कि आप चुने किसी पार्टी से जाते हैं और आप समय पूरा होने पर दूसरी तरफ जाकर सरकार गिराने चले जाते हैं। यह अपराध है और ऐसे अपराध से हमें बचना चाहिए। जिसे जो कुछ भी कहना है, वे उत्तराखंड के लोगों से कहें क्योंकि, हरीश रावत तो बहुत ही सामान्य व्यक्ति है। हरीश रावत ने कहा कि सरकार अगर फेल होगी तो कांग्रेस आवाज उठाएगी इसलिए सरकार को पांच दिन का समय दिया गया है। इस बीच स्थिति नहीं संभली तो कांग्रेस सरकार से भी लड़ेगी।
आपदा पीड़ितों का दर्द भी जाना
हरीश रावत ने सुंदरखाल, चुकुम और मोहान में आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस आशा बिष्ट, पुष्कर दुर्गापाल, संजय बिष्ट, गोपाल अधिकारी, महावीर रावत, धीरेंद्र चौहान भी मौजूद रहे। इस मौके पर आपदा प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी दी गई।
मैं सरप्राइज रह गया, हरीश भाई का फोन सुनकर: हरक
रविवार के ठंडे मौसम में सियासी गलियारों का माहौल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के वन मंत्री हरक सिंह रावत को फोन करने से गरमाया रहा। तमाम तरह की कयासबाजियां फिर तेज हो गईं, जिसमें हरक की कांग्रेस में वापसी भी शामिल है।
दरअसल, रविवार को अचानक वन मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने फोन किया। उन्होंने कुछ समस्याओं पर बात की। बातचीत के बाद अमर उजाला ने मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत से बात की। मंत्री हरक ने बताया कि वह सरप्राइज रह गए यह सुनकर कि हरीश भाई का फोन आया है। उन्होंने कहा कि हरीश भाई ने जिस क्षेत्र की जो समस्या बताई है, मैं उसे जरूर दूर करने का प्रयास करूंगा। जब उनसे कांग्रेस में वापसी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने इसे हंसकर टाल दिया। उधर, हरीश रावत के सांप और नेवले के एक होने के बारे में बात की गई तो हरक ने कहा कि यह कहना मुश्किल है कि कौन सांप है और कौन नेवला?
फिर तेज होने लगीं चर्चाएं
पिछले कई दिनों से जिस तरह से हरीश और हरक के बीच की जुबानी जंग का गर्म माहौल ठंडा होता जा रहा है, उससे सियासी गलियारों में एक बार फिर हरक की कांग्रेस वापसी की चर्चाएं तेज होने लगी हैं। पहले हरक के हरीश रावत के सात खून माफ करने का बयान, इसके बाद पूर्व सीएम हरीश के हरक को लेकर बयान दिया और अब हरीश और हरक के बीच फोन पर सामान्य बातचीत को इस बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।