हरीश रावत के बहाने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान आई सामने, हाईकमान से की गई शिकायत
- समर्थक रावत की नाराजगी की वजह बता रहे हैं हाईकमान से की गई शिकायत
- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का साफ इनकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस में अंदरखाने की खींचतान एक बार फिर से उभर कर सामने आ गई है। ताजा मामला हरीश रावत का उत्तराखंड से किनारा करने का है। बताया जा रहा है कि हरीश हाईकमान से की गई शिकायत से नाराज हैं। उधर, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि उनकी ओर से हाईकमान से शिकायत करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
रावत ने बुधवार को ट्वीट कर कहा था कि वे स्वास्थ्य और अन्य कारणों से उत्तराखंड में तीन माह के लिए घोषित किए गए अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह हरीश रावत असम के सात दिन के दौरे के लिए भी रवाना हो गए। हरीश रावत असम कांग्रेस के प्रभारी भी हैं लेकिन असम दौरे पर जाने से उनके समर्थक स्वास्थ्य की वजह को पचा नहीं पा रहे हैं।
एक वरिष्ठ कांग्रेसी के मुताबिक हरीश रावत को स्वास्थ्य परेशान कर रहा है तो वे असम का सात दिन का सघन दौरा कैसे कर पा रहे हैं। रावत ने खुद ट्वीट कर असम दौरे पर निकलने की जानकारी भी दी।
हरीश रावत हमारे नेता : प्रीतम सिंह
अब कांग्रेस का एक धड़ा रावत के इस ताजा फैसले को उनकी प्रदेश कांग्रेस के प्रति बढ़ रही नाराजगी के रूप में भी देख रहा है। कहा जा रहा है कि 14 दिसंबर की दिल्ली रैली के बाद कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने हाईकमान से प्रदेश में समांतर कांग्रेस उठ खड़ी होने की शिकायत की।
इनका कहना है कि यह कहा गया है कि रावत खुद ही कार्यक्रम आयोजित कर अति सक्रिय बने हुए हैं। रावत समर्थकों के इस आरोप को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सिरे से खारिज कर रहे हैं। प्रीतम का कहना है कि हाईकमान से मिलना उनका सामान्य गतिविधि का हिस्सा था। इसमें शिकायत भला क्यों की जाएगी।
मैं क्यों हाईकमान से शिकायत करूंगा। हाईकमान से मैं ही नहीं सभी राज्यों के पदाधिकारी, खुद हरीश रावत भी मिलते ही रहते हैं। हरीश रावत हमारे नेता हैं। यह उन्होंने कहा है कि उन्होंने तीन माह के उत्तराखंड के कार्यक्रमों को स्थगित किया है।
- प्रीतम सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष