उत्तराखंड: एक साथ 106 स्थानों पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, 25 हजार किसानों को बांटा ब्याज मुक्त कर्ज
चुनावी मोड में उतरी उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को सहकारिता के तहत एक साथ करीब 25 हजार किसानों को तीन लाख तक का ब्याज मुक्त कृषि ऋण वितरित किया। एक साथ 106 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 करोड़ रुपये किसानों को दिए गए। देहरादून में बन्नू स्कूल में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत सहित अन्य मंत्री और विधायक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कर्ज का सही उपयोग हुआ तो सरकार इसमें और इजाफा करेगी। सीएम ने कहा कि पूर्व में लिए गए कर्ज का करीब 60 प्रतिशत किसानों ने वापस भी कर दिया है। इससे साबित होता है कि किसान ईमानदार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में 160 ग्रोथ सेंटर स्थापित किए हैं। इनसे गांवों की तस्वीर बदलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की।
कार्यक्रम में कैंट विधायक हरबंश कपूर, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, मसूरी विधायक गणेश जोशी, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, राजपुर विधायक खजान दास, नामित विधायक जार्ज ग्रेगरी, सहकारिता सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी और भाजपा के पदाधिकारी शामिल रहे।
किसको कितना मिला
जिला - लाभार्थी - धनराशि(लाख रुपये में )
ऊधमसिंह नगर - 2832 - 1043
हरिद्वार - 3999 - 2184
नैनीताल - 2498 - 1168
पिथौरागढ़ - 2122 - 1359.18
पौड़ी - 1576 - 1942.35
अल्मोड़ा - 2000 - 958.38
उत्तरकाशी - 1328 - 848
चंपावत - 1502 - 1012
टिहरी - 1950 - 1286.42
देहरादून - 2225 - 1590.29
बागेश्वर - 765 - 418
रुद्रप्रयाग - 857 - 350
चमोली - 1296 - 853
कुल - 24950 - 15012.62
कांग्रेस ने बताया छलावा
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने प्रदेश सरकार के ब्याज मुक्त ऋण के कार्यक्रम को छलावा करार दिया। किशोर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। सहकारिता को राजनीति की सीढ़ी बनाया जा रहा है। किसानों का बकाया भुगतान सरकार कर नहीं रही है। मौसम की मार से प्रभावित किसानों को कोई राहत नहीं दी गई।