उत्तराखंड: मुख्यमंत्री जांचेंगे मंत्रियों के विभागों का प्रदर्शन, साढ़े तीन साल का रिपोर्ट कार्ड तलब
- 29 अक्तूबर से शुरू होंगी मंत्रियों की विभागों की समीक्षा बैठकें
- अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बैठकों का कार्यक्रम जारी किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी मंत्रियों के विभागों का प्रदर्शन जांचने की तैयारी कर ली है। उनके निर्देश पर शासन ने मंत्रियों के विभागों से पिछले साढ़े तीन के दौरान का रिपोर्ट कार्ड तलब किया है।
विभागीय प्रगति के साथ ही भावी कार्ययोजना का ब्योरा भी मांगा गया है। मुख्यमंत्री इन जानकारियों के आधार पर अधिकारियों से विभागों की नब्ज टटोलेंगे। दो मंत्रियों की नाराजगी के बीच आयोजित होने जा रही इन समीक्षा बैठकों के दौर 29 अक्तूबर से शुरू होंगे और 18 नवंबर तक यह सिलसिला जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में जल्द लागू होगा आदर्श किरायेदारी अधिनियम, 31 अक्तूबर तक लोगों से मांगे सुझाव
बैठक में शासन और विभागों के अधिकारियों के साथ जिलास्तरीय अधिकारियों को भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री राधा रतूड़ी ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है।
सरकार और मंत्रियों पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव
मंत्रियों के साथ ही प्रदेश सरकार पर भी अच्छे प्रदर्शन का दबाव है। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। सरकार ने विकास का जो एजेंडा तय किया , कोरोना के कारण उसे झटका लगा है। सरकार के सामने अब दोहरी चुनौती है। उसे चुनावी तैयारी के साथ विकास के एजेंडे को भी धरातल पर उतारना है। ये तभी मुमकिन हो पाएगा जब सभी विभागीय मंत्री एक टीम की तरह परफार्म करेंगे।
मंत्रियों के कुछ विभागों की गति तेज है तो कुछ विभाग कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बैठक में मंत्रियों पर परफार्म करने का दबाव बढ़ सकता है। गाहे-बगाहे ये आरोप भी लगते रहे हैं कि अफसरशाही की अरुचि और सिस्टम की सुस्त चाल परफारमेंस के आड़े आ रही है। समीक्षा बैठक में इन मसलों पर भी चर्चा हो सकती है।
इन मुद्दों पर होगी समीक्षा
-विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की अब तक प्रगति।
-संचालित हो रही योजनाओं का आउटकम।
-सरकार के प्राथमिक कार्यों की प्रगति
-भावी कार्य योजना
-इस पर आधारित एक प्रस्तुतिकरण भी देना होगा
कैबिनेट मंत्री कौशिक के विभागों से होगी शुरुआत
मंत्री तिथि
मदन कौशिक 29 अक्तूबर
सुबोध उनियाल 02 नवंबर
अरविंद पांडेय 03 नवंबर
डॉ.हरक सिंह रावत 04 नवंबर
सतपाल महाराज 05 नवंबर
रेखा आर्य 11 नवंबर
डॉ. धन सिंह रावत 12 नवंबर
यशपाल आर्य 18 नवंबर
नोट: 29 अक्तूबर की बैठक अपराह्न चार बजे और बाकी सभी सुबह 9.30 बजे से होंगी
समीक्षा बैठकों के बाद जिलों के दौरे पर निकलेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समीक्षा बैठके करने के बाद जिलों के दौरों पर निकलेंगे। वह जिलों में जाकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का पता लगाएंगे। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे।