उत्तराखंड विस मानसून सत्र: बिजली के बिलों का तीन महीने का फिक्स्ड चार्ज और लेट सरचार्ज माफ
सीएम ने परिवहन सेक्टर से जुड़े कारोबारियों को भी राहत दी। उन्होंने अगले छह महीने के सेवायान कर में छूट की घोषणा भी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनावी साल में लोकलुभावन घोषणाओं का सिलसिला जारी रखा हुआ है। बृहस्पतिवार को उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान सदन में तीन माह के बिजली बिलों का फिक्स्ड चार्ज और विलंब भुगतान अधिभार माफ करने का एलान किया।
सीएम ने परिवहन सेक्टर से जुड़े कारोबारियों को भी राहत दी। उन्होंने अगले छह महीने के सेवायान कर में छूट की घोषणा भी की। कहा कि सरकार पर्यावरण मित्रों और पीएम स्वनिधि में पंजीकृत लाभार्थियों को अगले पांच माह तक दो-दो हजार रुपये देगी।
उन्होंने 31 दिसंबर तक जल व सीवरेज का एकमुश्त भुगतान करने पर उपभोक्ताओं से कोई विलंब शुल्क न लेने का एलान किया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से 354284 उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। इन सारी घोषणाओं पर 202 करोड़ 65 लाख व्ययभार आने का अनुमान है।
उत्तराखंड विस सत्र: 5720.78 करोड़ का अनुपूरक बजट पास, बेरोजगारी के मुद्दे पर विपक्ष का सदन से वॉकआउट
बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत
- 03 माह का फिक्स्ड चार्ज माफ
- 24 करोड़ 63 लाख 81 हजार व्ययभार
- 2,24,604 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित
- 03 माह का विलंब भुगतान का अधिभार माफ
- 36.42 करोड़ आएगा व्ययभार
परिवहन सेक्टर को राहत
- 06 माह के लिए सेवाकर माफ
- 96380 परिवहन सेवा से जुड़े लोगों को फायदा
- 75.80 करोड़ का व्यय भार आएगा खजाने पर
- 06 माह का पंजीकरण प्रमाण पत्र, फिटनेस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण पर विलंब शुल्क माफ
- 32 करोड़ 50 लाख का पड़ेगा खजाने पर बोझ
दो-दो हजार का प्रोत्साहन
- 05 माह तक पर्यावरण मित्रों को मिलेगी 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि
- 8300 पर्यावरण मित्रों को मिलेगा फायदा
- 8.30 करोड़ का व्यय भार आएगा
- 05 माह तक पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को दो-दो हजार
- 25000 लाभार्थियों को मिलेगा फायदा
- 25 करोड़ रुपये का पड़ेगा खजाने पर बोझ
31 दिसंबर तक शेष बिल चुकाने पर विलंब शुल्क माफ
पेयजल विभाग में राज्य के सभी जल व सीवरेज के शेष बिलों का एकमुश्त भुगतान 31 दिसंबर 2021 तक करने पर विलंब शुल्क की राशि शत प्रतिशत माफ हो जाएगी।
कोविड काल में बनी परिस्थितियों में सरकार हर वर्ग को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रही है। हम आशा बहनों को पांच माह तक दो-दो हजार रुपये प्रतिमाह दे रहे हैं। साथ ही एक-एक टैबलेट भी दिया जाएगा। हर वर्ग के कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार पूरी तरह संवेदनशील है।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
साइकिल से विधानसभा पहुंचे कांग्रेस के विधायक
वहीं महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के विधायक साइकिल से विधानसभा पहुंचे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज महंगाई से जनता त्रस्त है। पेट्रोल और डीजल के साथ ही रसोई गैस की कीमत लगातार बढ़ रही है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
नियुक्ति की मांग को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान उत्तराखंड डाइट डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के सदस्यों ने विधानसभा कूच किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रिस्पना पुल पर बैरीकेडिंग लगाकर रोक लिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं विरोध प्रदर्शन करने लगे।
विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन ने भी विधानसभा कूच किया। भू-अध्यादेश अधिनियम अभियान के कार्यकर्ताओं ने भी गुरुवार को विधानसभा कूच किया। इस दौरान हिमाचल की तर्ज पर उत्तराखंड में भी सशक्त भू-कानून लागू करने की मांग की गई।