Uttarakhand: पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाओं के लटकने के मामले में शासन सख्त, एक अप्रैल को बुलाई बैठक
अमर उजाला ने 25 मार्च को ''कैसे होगी पीसीएस भर्ती, विभाग रिक्त पद बताने को ही नहीं तैयार'' खबर के माध्यम से इस साल अभी तक पीसीएस या लोअर पीसीएस का अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को न मिलने का मामला उठाया था।
विस्तार
उत्तराखंड में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाओं के लटकने के मामले में अब शासन सख्त हो गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब सचिव कार्मिक ने सभी विभागों के साथ एक अप्रैल को बैठक बुलाई है, जिसमें उन्हें अपने रिक्त पदों के अधियाचन, रोस्टर व अन्य जानकारी लेकर पहुंचना होगा।
अमर उजाला ने 25 मार्च को ''कैसे होगी पीसीएस भर्ती, विभाग रिक्त पद बताने को ही नहीं तैयार'' खबर के माध्यम से इस साल अभी तक पीसीएस या लोअर पीसीएस का अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को न मिलने का मामला उठाया था।
इसमें बताया गया था कि कैसे आयोग ने पूर्व के कैलेंडर में ये परीक्षाएं प्रस्तावित की थीं लेकिन अधियाचन न मिलने के चलते संशोधित कैलेंडर से इन्हें गायब कर दिया था। चिंताजनक बात ये भी थी कि शासन से लगातार विभागों को पत्र भेजने के बावजूद वह रिक्तियां बताने को तैयार नहीं हैं।
UKPSC: लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा 21 अप्रैल से होगी
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब कार्मिक विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। दोनों परीक्षाओं को लेकर एक अप्रैल को सचिवालय में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी विभागों को बुलाया गया है।
पत्र में साफ कहा गया है कि सभी विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से संबंधित अधियाचन, रोस्टर व अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ बैठक में शामिल हों। जिन विभागों के पास रिक्त पद नहीं हैं, वे भी इसकी सूचना के लिए बैठक में शामिल होंगे।