{"_id":"53ca40e06cb46901733a2e60e3e957d1","slug":"urs-celebration-in-piran-kaliyar","type":"story","status":"publish","title_hn":"पिरान कलियर में विदेशियों संग मनेगा उर्स","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पिरान कलियर में विदेशियों संग मनेगा उर्स
अमर उजाला, रुड़की
Updated Fri, 27 Dec 2013 02:21 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिरान कलियर में तीन जनवरी से होने वाले सालाना उर्स में इस बार करीब 200 विदेशियों के आने की उम्मीद है।
विज्ञापन
पुलिस-प्रशासन ने शुरु की कवायद
यह संख्या पिछले साल के मुकाबले अधिक है। पाकिस्तान, सऊदी अरब, अफगानिस्तान, इराक आदि मुल्कों से आने वाले इन जायरीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने अभी से कवायद शुरू कर दी है।
उर्स मेला पुलिस-प्रशासन के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। मेले में जुटने वाले कई लाख जायरीनों के साथ दूसरे मुल्कों के नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होगी।
विज्ञापन
पिछले साल पाकिस्तानी जायरीनों का विरोध किए जाने के कारण पुलिस को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी थी। हालांकि, इस बार अभी तक विरोध की कोई स्थिति नहीं है। खुफिया सूत्रों की माने तो इस साल 200 से अधिक विदेशियों के उर्स में पहुंचने की संभावना है।
विज्ञापन
पिछले साल आए थे 160 विदेशी
इनमें सबसे अधिक पाकिस्तान के जायरीन होंगे। इसके अलावा सऊदी अरब, अफगानिस्तान, इराक आदि देशों से भी जायरीन दरगाह आते हैं। पिछले साल विदेशियों का आंकड़ा 160 के करीब रहा था। इस साल विदेशी जायरीनों की संख्या बढ़ने की उम्मीद को लेकर तैयारियां बढ़ाई गई हैं।
विदेशियों को कड़ी सुरक्षा में साबरी गेस्ट हाउस में रखा जाएगा। एसपी देहात के मुताबिक, विदेशियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इस लिहाज से प्रबंध और कड़े किए जा रहे हैं।
अलग काम करेगा उर्स मेले का थाना
उर्स के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। पीएसी की चार कंपनियों के अलावा 450 कांस्टेबिल, 75 दरोगा, 700 के करीब होमगार्ड के अलावा दो अतिरिक्त डीएसपी मौजूद रहेंगे। उर्स मेले का थाना अलग से काम करेगा। एसपी देहात अजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कलियर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
उर्स में रुकेंगी सुपर फास्ट ट्रेनें भी
पिरान कलियर में तीन जनवरी से शुरू हो रहे उर्स मेले में लाखों जायरीन के शिरकत करने के मद्देनजर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने रुड़की स्टेशन में सभी ट्रेनों के ठहराव की घोषणा की है।
रुड़की स्टेशन से रोजमर्रा 70 ट्रेनें होकर गुजरती हैं। इनमें से 10 सुपरफास्ट ट्रेनों का स्टॉपेज स्टेशन पर नहीं है।
रेलवे अधिकारियों ने 13 से 18 जनवरी तक सुपरफास्ट ट्रेनों को ठहराव के आदेश दिए हैं।
इसके अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनों में तीन से चार कोच अतिरिक्त लगाने के निर्देश दिए हैं। स्टेशन से अप व डाउन में आठ पैसेंजर ट्रेन संचालित होती हैं। साथ ही अतिरिक्त रिजर्व कोच भी तैयार रखे जाएंगे। ज्यादा भीड़ बढ़ाने पर रिजर्व कोच लगाए जाएंगे।
इन ट्रेनों का होगा ठहराव
अकाल तख्त एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस, नगंलडैम-कोलकाता एक्सप्रेस, अमृतसर-डिबरुगढ़ एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, जम्मूतवी-काठगोदाम एक्सप्रेस व जम्मूतवी बनारस एक्सप्रेस।
इनमें लगेंगे अतिरिक्त कोच
हरिद्वार-दिल्ली पैसेंजर, ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर, सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर, सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर।
सभी टिकट काउंटर खुले रहेंगे
स्टेशन में जनरल टिकट के तीन काउंटर हैं। आम दिनों में दो काउंटर खुलते हैं। अधिकारियों के अनुसार मेले में तीनों टिकट काउंटर खोले जाएंगे। तीसरे काउंटर के लिए बाहर से स्टाफ आएगा।
30 अतिरिक्त टीटीई को होगी तैनाती
मेले की भीड़ में बहुत से यात्री बगैर टिकट यात्रा करते हैं। बेटिकट यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशन में 30 टीटीई की तैनाती की जाएगी।
मुरादाबाद डिविजन द्वारा अलग-अलग जगहों से अतिरिक्त टीटीई उपलब्ध कराए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में स्टेशन में नौ टीटीई हैं।
20 सफाई कर्मियों की होगी तैनाती
मेले के दौरान स्टेशन में साफ-सफाई बनी रहे, इसके लिए 20 अतिरिक्त सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे। वर्तमान में दस सफाई कर्मी तैनात हैं।
इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में बने मेला शौचालय की साफ-सफाई के निर्देश अधिकारियों ने दे दिए। अधिकारियों के अनुसार शौचालय का प्रयोग निशुल्क होगा।
कलियर तक दौड़ेंगी बसें
मेले में परिवहन निगम की बसें कलियर संचालित की जाएंगी। निगम अधिकारियों ने चार बसें रुड़की डिपो से चलाने की बात कही। अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
डिपो के सहायक महाप्रबंधक सुरेश चौहान ने बताया कि हरिद्वार से कलियर चलाए जाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा है। हरिद्वार से कलियर के बीच जेएनएनयूआरएम की छोटी बसें चलेंगी।
मेले के दौरान 13 से 18 जनवरी तक स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का ठहराव होगा। पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। अतिरिक्त रेल कर्मियों की तैनाती भी की जा रही है।
- केएस गुंज्याल, स्टेशन अधीक्षक, रुड़की