जल संस्थान परिसर में बवाल: ओवरहेड टैंक पर चढ़े युवक को लेकर शुरू हुआ विवाद, पार्षद समेत 15 पर एफआईआर
आरोप है कि इसी बीच क्षेत्रीय पार्षद रोबिन त्यागी अपने भाई मोन्टी त्यागी और 10 से 15 समर्थकों के साथ जल संस्थान के आवासीय परिसर के बाहर पहुंच गए और भीतर प्रवेश करने का प्रयास करने लगे।
विस्तार
जल संस्थान के एमडीडीए डालनवाला स्थित ओवरहेड टैंक परिसर में बुधवार देर रात जमकर बवाल हो गया। ओवरहेड टैंक पर एक युवक के चढ़ने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। मामले में जल संस्थान के कर्मचारी की शिकायत पर क्षेत्रीय पार्षद रोबिन त्यागी, उनके भाई मोन्टी त्यागी, उनकी मां सविता त्यागी और 10-15 अन्य के खिलाफ रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता रोबिन सैनी के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि एमडीडीए डालनवाला स्थित ओवरहेड टैंक के ऊपर एक व्यक्ति बैठा हुआ है। सूचना मिलने पर वह सरकारी आवास से मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-100 पर पुलिस को सूचना देने के साथ ही संबंधित सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता को भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक अन्य युवक भी टैंक की ओर जाने लगा, जिसे पुलिस के पहुंचने तक बाहर रुकने के लिए कहा गया।
आरोप है कि इसी बीच क्षेत्रीय पार्षद रोबिन त्यागी अपने भाई मोन्टी त्यागी और 10 से 15 समर्थकों के साथ जल संस्थान के आवासीय परिसर के बाहर पहुंच गए और भीतर प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। परिसर में रहने वाले कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर ताला लगाकर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज होकर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हादसा: डाटकाली टनल के पास खड़े कंटेनर से टकराया पिकअप वाहन, चालक समेत दो घायल
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान टैंक पर बैठा युवक नीचे उतर आया। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह वही युवक था जिसे एक दिन पहले भी पुलिस ने टैंक से उतारा था। उसे पुलिस के आने तक रुकने के लिए कहा गया तो उसने शिकायतकर्ता, उनके पिता व अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी गेट फांदकर परिसर में पहुंचा और युवक को पकड़ लिया।
आरोप है कि इसके बाद पार्षद रोबिन त्यागी, मोन्टी त्यागी, सविता त्यागी और उनके समर्थकों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर जबरन परिसर में प्रवेश किया और शिकायतकर्ता, उनके पिता व अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया तथा पूरे परिवार को शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता रॉबिन सैनी ने पुलिस को बताया है कि पूरी घटना आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज जांच के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।