केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने उत्तराखंड को दी सौगात, दिलाया गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने गंगा ग्राम योजना का शुभारंभ करने के साथ ही गंगोत्री के लिए करीब दस करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री ने सभी लोगों से गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए आगे आने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने मंगलवार सुबह धरासू में वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण कर पौधरोपण किया। इसके बाद बीरपुर डुंडा पहुंचकर उन्होंने गंगा ग्राम योजना और स्वजल के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया।
इसके तहत बगोरी गांव को गंगा ग्राम के रूप में चयनित कर 32.90 लाख रुपये लागत की पेयजल योजना और 11.88 लाख रुपये की लागत से अवशिष्ट प्रबंधन योजना का शिलान्यास किया गया।
उन्होंने बताया कि गंगा तट पर बसे करीब साढ़े चार हजार गांवों को गंगा ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। इसमें बगोरी समेत उत्तराखंड के 132 गांव शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने देश में सौ दर्शनीय स्थल चयनित किए हैं। इनमें यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम भी शामिल हैं। गंगोत्री में ओएनजीसी तथा यमुनोत्री में गेल के माध्यम से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे।
पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि वर्ष 2022 तक हर गांव को पेयजल मुहैया कराया जाएगा। इस मौके पर राइंका डुंडा के छात्र-छात्राओं तथा जाड समुदाय की महिलाओं ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, केंद्रीय पेयजल सचिव परमेश्वरन अय्यर, संयुक्त सचिव सत्यव्रत साहू, स्वच्छ भारत मिशन के अक्षय राउत, डीएम डा.आशीष चौहान, सीडीओ विनीत कुमार, अर्जुन सिंह, युगलकिशोर जोशी, हरीश सेमवाल, कुलदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।