UK Top News: कोटद्वार सड़क हादसे में आठ की मौत, सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट अटका, कांग्रेस की चुनावी तैयारी
उत्तराखंड में शनिवार को कई बड़ी खबरें सामने आईं। पौड़ी के रिखणीखाल में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, वहीं अंकिता भंडारी मामले में सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट नहीं हो सका। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों पर मंथन शुरू किया है। वहीं आपदा प्रबंधन दिवस पर प्रदेशभर में हुई मॉक ड्रिल भी चर्चा में रही।
विस्तार
कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरा वाहन, चालक समेत आठ की मौत, बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं
पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। मृतकों में वाहन चालक अनिल देवराड़ा निवासी भंगलवाण गांव और सात महिलाएं शामिल हैं। हादसे में घायल आठवीं महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वाहन में करीब 12 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, एक गंभीर घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। ये भी पढ़ें...कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरा वाहन, चालक समेत आठ की मौत, बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं
https://www.amarujala.com/video/uttarakhand/kotdwar/eight-dead-in-kotdwar-accident-suresh-rathore-s-narco-test-stalled-congress-gears-up-for-elections-2026-11-28
अंकिता भंडारी केस: मेडिकल टेस्ट में अनफिट निकले सुरेश राठौर, नहीं हुआ नार्को टेस्ट, उर्मिला ने बताई साजिश
अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट में आखिरकार पेंच फंस गया है। नार्को से पहले होने वाले मेडिकल टेस्ट में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं। जिससे यह तय हो गया है कि उनका नार्को टेस्ट नहीं हो सकता है। इधर, उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मेडिकल रिपोर्ट को साजिश का हिस्सा बताया है। वहीं, सुरेश राठौर का कहना है कि हरिद्वार पहुंचकर उर्मिला सनावर का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे। नार्को टेस्ट से पहले संबंधित व्यक्ति को एनेस्थीसिया दिया जाता है, इसके लिए मेडिकल टेस्ट होना जरूरी है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि एनेस्थीसिया की कितनी मात्रा दी जानी है और उसका शरीर इसके लिए फिट है या नहीं। चार दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पहुंचे सुरेश राठौर का मेडिकल टेस्ट हुआ था। रिपोर्ट में सुरेश अनफिट निकले और उन्हें वापस भेज दिया गया। ये भी पढे़ं... अंकिता भंडारी केस: मेडिकल टेस्ट में अनफिट निकले सुरेश राठौर, नहीं हुआ नार्को टेस्ट, उर्मिला ने बताई साजिश
उत्तराखंड: कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची, दो दिन तक विधानसभा वार प्रत्याशियों के नामों पर करेगी मंथन
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी प्रदेश पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कमेटी की चेयरपर्सन दीपा दास मुंशी और सदस्यों अनिल चौधरी व पाल भाई अंबलिया का उत्तराखंड पहुंचने पर स्वागत किया। स्क्रीनिंग कमेटी कांग्रेस भवन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इस दौरान विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जाएगी। कमेटी दो दिन तक लगातार बैठक कर प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों के बारे में जानकारी जुटाएगी। बैठक में विधानसभा वार प्रत्याशियों की दावेदारी और संबंधित क्षेत्रों में उनकी स्थिति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी। इसके आधार पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा। ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी पहुंची, दो दिन तक विधानसभा वार प्रत्याशियों के नामों पर करेगी मंथन
उत्तराखंड लोकसभा सीट: कुमाऊं में दो से बढ़कर तीन या चार होंगी सीटें, पहाड़ और मैदान का संतुलन बड़ी चुनौती
उत्तराखंड में लोकसभा सीटों का परिसीमन केवल सीटों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे राज्य का राजनीतिक और भौगोलिक प्रतिनिधित्व भी बदल जाएगा। वर्तमान में राज्य की पांच लोकसभा सीटें हैं, जिनमें दो कुमाऊं और तीन गढ़वाल मंडल में हैं। हालांकि, कुमाऊं में कितनी सीटें बढ़ेंगी और उनके अंतर्गत कौन से जिले या विधानसभा क्षेत्र आएंगे, इसका अभी कोई आधिकारिक खाका उपलब्ध नहीं है। यह आबादी के आधार पर होने वाले संभावित विस्तार, परिसीमन आयोग के मानकों और पहाड़ी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को दिए जाने वाले महत्व पर निर्भर करेगा। ये भी पढे़ं...उत्तराखंड लोकसभा सीट: कुमाऊं में दो से बढ़कर तीन या चार होंगी सीटें, पहाड़ और मैदान का संतुलन बड़ी चुनौती
उत्तराखंड: 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल, मसूरी में हवा में लटकी रोपवे ट्रॉली, टिहरी में भूकंप से स्कूल को नुकसान
उत्तराखंड में आज शनिवार को आपदा प्रबंधन दिवस पर करीब तीन सौ स्थानों पर मॉक ड्रिल की गई। इसमें आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया गया। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंच कर ऑनलाइन मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। मॉक ड्रिल के दौरान कहीं स्कूल भवन में भूकंप से नुकसान की स्थिति बनाई गई तो कहीं नदी में बढ़ते जलस्तर और रोपवे ट्रॉली में पर्यटकों के फंसने का दृश्य तैयार किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासन और अन्य विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, लोगों की निकासी और विभागों के बीच समन्वय की व्यवस्था परखी गई। ये भी पढे़ं... उत्तराखंड: 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल, मसूरी में हवा में लटकी रोपवे ट्रॉली, टिहरी में भूकंप से स्कूल को नुकसान
