लाखों की ठगी के मामले में दक्षिण अफ्रीका के दो युवक गिरफ्तार, जेल में भी कर रहे चिकन की डिमांड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लकी ड्रॉ में पांच लाख पाउंड का इनाम निकलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में उत्तराखंड पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पकड़े गए पीटर ने पुलिस को बताया कि वह उपचार कराने भारत आया था। लेकिन उसका उपचार किस अस्पताल में चल रहा है, इसकी वह कोई जानकारी नहीं दे सका। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी आरोपी इस मामले में मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। लॉकअप में आरोपी चिकन की मांग करते रहे। उन्होंने पुलिस की मेस का खाना नहीं खाया।
बता दें कि काशीपुर के ग्राम हल्दुआ शाहू निवासी अभिषेक खुराना ने सोमवार को कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा कि जनवरी 2019 में उसके चाचा गौरव के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें एक शीतल पेय कंपनी के ड्रॉ में पांच लाख पाउंड (करीब पांच करोड़ रुपये) का इनाम निकलने की जानकारी दी गई थी।
21 जनवरी 2019 को कंपनी की ओर से उनका बायोडाटा मांगा गया। इनाम में जीती गई रकम भेजने के नाम पर उससे 25 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद मुद्रा विनिमय के लिए 65 हजार रुपये की मांग की गई। ठगों ने अभिषेक के नाम से एक बैंक में ऑनलाइन एकाउंट भी खोल दिया।
इन लोगों ने रकम ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करने, इनकम टैक्स, आईएमसीटी कोड समेत अन्य करों के नाम पर अभिषेक से 25 लाख रुपये की राशि जमा करा ली। उन्होंने विभिन्न बैंकों के माध्यम से कई खातों में रकम जमा कराई गई।
बाद में अभिषेक को मेल के जरिये कंपनी की ओर बताया गया कि एक व्यक्ति इनाम में जीती गई रकम लेकर इंग्लैंड से भारत आ रहा है। तहरीर में कहा कि 15 दिन पूर्व डेविड उर्फ जॉन उसके गांव आया। उसने खुद को जोहान्सबर्ग दक्षिण अफ्रीका निवासी बताया। डेविड उर्फ जॉन ने दो-दो हजार रुपये के दस नोट मांगे और लकड़ी के बॉक्स से पेपर निकालकर नोट की साइज का पेपर काटा। उसने पेपरों को केमिकल लगाने के बाद डिजिटल बॉक्स में डाल दिया। उसने लॉकर से डॉलर निकालकर बाजार में चेक कराने को कहा, जो असली पाए गए। पूरी रकम देने के लिए उसने 60 लाख रुपये का और इंतजाम करने का कहा।
सोमवार को डेविड उर्फ जॉन और पीटर हल्दुआ शाहू पहुंचे। शक होने पर खुराना ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को धर दबोचा और उन्हें कुंडा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने डेविड उर्फ जॉन, पीटर और एक अन्य के खिलाफ धारा 420/120 बी, 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल सेट, एक डिजिटल लॉकर, दोनों ओर से खुलने वाला लकड़ी का बॉक्स, सिलवर कलर की पन्नी में लिपटे काले रंग के पेपर के 9 पैकेट बरामद किए। इस मामले की विवेचना जसपुर कोतवाल अब्दुल कलाम को सौंपी गई है।