दिवाली पर फुल हुई ट्रेनें, सीट नहीं मिली तो पायदान और टायलेट में भी घुसे यात्री
- विशेष ट्रेनों का संचालन ना होने से यात्रियों की हुई फजीहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे प्रशासन की ओर से दीपावली पर यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं मुहैया कराने के दावे पूरी तरह फेल साबित रहे। देहरादून से बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, यूपी, पंजाब, पश्चिम बंगाल, गुजरात जाने वाले अधिकतर मुसाफिरों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल पायी।
इससे यात्री पायदान और टायलेट में भी घुस गए। इसके अलावा सामान्य श्रेणी के यात्री भी वातानुकूलित कोच में दाखिल हो गए। इसे लेकर कोच कंडक्टर से यात्रियों की जमकर नोकझोंक भी हुई।
रविवार को बड़ी दीपावली है। इसके लिए शनिवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर विभिन्न गंतव्य को जाने वाले मुसाफिरों की खासी भीड़ रही। ट्रेनों में सीट नहीं मिलने की स्थिति में सैकड़ों यात्री खासकर युवा कोच के पायदान पर बैठने के साथ ही टॉयलेट में भी घुस गए।
यात्रियों में रेलवे के प्रति आक्रोश
इसके अलावा कई यात्री ब्रेक यान में भी दाखिल हुए। ट्रेनों में सीट नहीं मिलने से यात्रियों में रेलवे के प्रति काफी आक्रोश दिखा। यात्रियों का कहना था कि दीपावली पर रेलवे प्रशासन को अतिरिक्त ट्रेनों और कोच का इंतजाम करना चाहिए था। दूसरी ओर जो यात्री देहरादून से ट्रेन नहीं पकड़ सके, वे बसों से पहले रुड़की, सहारनपुर पहुंचे और फिर वहां से ट्रेनें पकड़कर गतंव्यों के लिए रवाना हुए।
परिवहन निगम की बसों का रहा सहारा
ट्रेनों में सीट को लेकर यात्रियों के बीच भारी मारामारी रही, वहीं परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसें संचालित किए जाने से थोड़ी राहत की स्थिति रही। हालांकि पहले की तुलना में शनिवार को भी बसों में भारी भीड़ रही।
परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि रविवार को स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन सोमवार से लेकर अगले कुछ दिनों तक बसों में भारी भीड़ रहेगी। इसके लिए इंतजाम किए गए हैं।