हरिद्वार: दो युवकों समेत गंगनहर में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दोनों का नहीं कोई सुराग
मध्य हरिद्वार क्षेत्र में राजीव नगर बस्ती (गोविंदपुरी कालोनी के पीछे ) भूसे से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली और उसमें सो रहे जीजा साला गंगनहर में समा गए। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर का चालक और उसका एक साथी गोशाला में भूसा उतारने के लिए जगह देखने गए थे।
जल पुलिस के दिनभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी दोनों लोगों का पता नहीं चल सका है। दोपहर बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर ट्राली को गंगनहर से निकाला गया। हादसा तड़के करीब चार बजे हुआ।
लक्सर क्षेत्र के गांव खानपुर से नफीस पुत्र यामीन, यूनुस, इकबाल पुत्रगण कल्लन और मुस्तकीम पुत्र अली भूसे से लदी ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंचे थे। भूसा राजीव नगर बस्ती में कमलेश देवी की गोशाला में उतारा जाना था।
ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंचे ड्राइवर नफीस और यूनुस ने कमलेश देवी से संपर्क साधा। वह ट्रैक्टर ट्राली को खड़ी कर गोशाला में भूसा उतारने के लिए जगह देखने के लिए चले गए। ट्रैक्टर ट्राली पर मुस्तकीम (35) उसका साला इकबाल (34) सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि ढलान पर खड़ी होने के चलते न्यूटल रही ट्रैक्टर ट्राली खिसककर गंगनहर में जा समाई। कुछ देर में पहुंचे चालक नफीस और यूनुस ने जब मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली हरिद्वार और ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तुरंत ही जल पुलिस को मौके पर बुलाया गया। उजाला होने पर गंगनहर में समाए जीजा साले की तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली संभवत ढलान पर थी और वह खिसककर गंगनहर में गिर गई। जीजा साला उस पर सो रहे थे, इसलिए उन्हें संभलने भर का मौका भी नहीं मिला होगा। जल पुलिस ने उन्हें काफी तलाश किया लेकिन कुछ सुराग नहीं लग सका है। ट्रैक्टर ट्राली को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया है।