Dehradun News: पड़ोसियों से तंग आकर बेचना पड़ा मकान, ठगे भी गए, पीड़ित ने पुलिस को बताई आपबीती
पीड़ित ने बताया कि मकान बिकवाने के लिए एक लाख छह हजार रुपये लिए गए। इसके बावजूद मकान नहीं बेचा और न ही रकम लौटाई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
पड़ोसियों से तंग आकर एक व्यक्ति को अपना मकान बेचना पड़ा। यही नहीं, उन्होंने मकान बिकवाने के लिए तीन लोगों से संपर्क किया तो उन्होंने रुपये भी हड़प लिए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, मीना मौर्य निवासी विजय पार्क की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मीना का कहना है कि वह विजय कॉलोनी से पहले फ्रेंड्स अपार्टमेंट प्रिया लोक में रहती थीं। आरोप है कि प्रिया लोक कॉलोनी में रहने के दौरान पड़ोसी शालिनी बिष्ट, उसके पति अंकित बिष्ट उनसे और उनकी बहन के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा और गालीगलौज करते थे। तंग आकर मकान बेचने का फैसला किया।
27 सितंबर 2022 को शालिनी बिष्ट और उसके पति अंकित बिष्ट ने कपड़े सुखाने को लेकर उनके घर के अंदर घुसकर उनके और पति के साथ मारपीट की। इससे उन्हें गहरी चोटें आईं। परेशान आकर मकान को जल्द बेचने का फैसला लिया। इस दौरान मोनिश कुमार निवासी डंगवाल मार्ग, कपिल कुमार और अरुण भान से संपर्क हुआ।
उन्होंने मकान बिकवाने के लिए एक लाख छह हजार रुपये लिए। इसके बावजूद मकान नहीं बेचा और न ही रकम लौटाई। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शालिनी बिष्ट निवासी फ्रेंड्स अपार्टमेंट प्रिया लोक कॉलोनी, अंकित बिष्ट, मोनिस कुमार निवासी डंगवाल मार्ग देहरादून, कपिल कुमार और अरुण भान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।