पड़ोसी महिला को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, तीन दिन में तीन महिलाओं की हो चुकी हत्या
-
- 1
-
Link Copied
दो महिलाओं की हत्या के बाद मंगलवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर की बीएसएनएल कॉलोनी में दिनदहाड़े एक युवक ने अधेड़ महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया। तीन दिन के भीतर तीन महिलाओं की हत्याओं से शहर में दहशत का वातावरण है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना कुंडा क्षेत्र के नवाती का पूर्वा जनवा मऊ के रहने वाले रतिभान सिंह बीएसएनल में लाइनमैन हैं। वह बीएसएनएल कॉलोनी में मकान संख्या 2/6 में परिवार के साथ रहते हैं। उनके दो बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं और बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। सोमवार रात किसी काम से वह गांव गए थे।
घर में उनकी पत्नी रीता सिंह (50) और बेटी रेखा थीं। मंगलवार को रेखा सुबह स्कूल पढ़ाने के लिए चली गई। इसी दौरान दोपहर में करीब 12 बजे रतिभान सिंह का पड़ोसी राहुल ने रीता सिंह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया।
आरोपी के पिता ने ही पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी। सूचना पर एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एएसपी देवेंद्र पींचा, एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, सीओ हिमांशु साह, कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से मामले की जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटी का रो-रोकर बुरा
रीता सिंह की मौत के बाद पुलिस ने उसकी बेटी रेखा को घर बुलाया। पहले तो उसे कुछ पता नहीं था, लेकिन जब उसने शव ले जाते देखा तो वह रोते-राते गिर पड़ी। महिला पुलिस कर्मियों ने उसे संभाला और अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि मां की मौत की जानकारी के बाद रेखा की भी तबियत बिगड़ हो गई। ब्यूरो
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
महिला की हत्या के बाद फॉरेंसिक लैब के संयुक्त निदेशक डॉ. दयाल शरण के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र किए। इनको लैब में जांच के लिए भेजा गया है। ब्यूरो
पुलिस हत्या की वारदात के खुलासे का प्रयास कर रही है। आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर