Nainital Highcourt News : जस्टिस आरएस चौहान ने ली उत्तराखंड मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके जस्टिस आरएस चौहान ने आज गुरुवार को राजभवन में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।
जस्टिस आरएस चौहान को 11.40 पर राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने शपथ दिलायी। जस्टिस आरएस चौहान इससे पहले तेलंगाना हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश थे। 31 दिसंबर को केंद्र सरकार ने उनके उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाने की अधिसूचना जारी की थी।
उत्तराखंड हाईकोर्ट में बतौर कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त जस्टिस रवि आर मलिमथ को हिमाचल हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। 24 दिसंबर 1959 को जन्में जस्टिस आरएस चौहान ने अपनी अधिवक्ता की पारी राजस्थान हाईकोर्ट से शुरू की थी।
वे क्रिमनल एवं सर्विस मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। राजभवन से बताया गया कि कोरोना संक्रमण के कारण सामाजिक दूरी के नियम के कारण स्थानाभाव है और इस वजह से समारोह सादगी से आयोजित किया जा रहा है।
उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं। न्यायमूर्ति धूलिया नैनीताल हाईकोर्ट से उत्तराखंड मूल के चीफ जस्टिस बनने वाले तीसरे न्यायाधीश हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के जज रहे न्यायमूर्ति पीसी पंत और न्यायमूर्ति वीके बिष्ट भी चीफ जस्टिस बन चुके हैं।
न्यायमूति चौहान ने तेलंगाना में न्याय प्रणाली किए हैं बड़े सुधार
तेलगांना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में न्याय प्रणाली में बहुत सुधार किए हैं। उन्होंने कोविड -19 प्रबंधन और सार्वजनिक स्वास्थ्य मामलों और झीलों के प्रबंधन जैसे प्रमुख मुद्दों को व्यवस्थित करने के प्रयास किए। लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों के लिए एक सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित कराने पर उनके प्रयास की सराहना की गई।
चीफ जस्टिस राघवेंद्र सिंह चौहान ने राजस्थान हाईकोर्ट में जून 2005 में न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मार्च 2015 में कर्नाटक हाईकोर्ट में उनका तबादला कर दिया गया। वह एक वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में तेलंगाना हाईकोर्ट में आए और अप्रैल 2019 में तेलंगाना के चीफ जस्टिस बन गए।
नए मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान ने संभाला कार्यभार
नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान के आगमन के बाद उनके सम्मान में मुख्य न्यायाधीश कोर्ट में फुल कोर्ट रिफरेंस करवाया गया। नए मुख्य न्यायाधीश (सीजे) राघवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आम आदमी को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाना और रूल ऑफ लॉ की धारणा को साकार करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया, महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर व बार अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि नए मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में उत्तराखंड हाईकोर्ट को नई पहचान मिलेगी।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हाईकोर्ट की बेहतरी के लिए बार व बेंच के बीच खुला संवाद स्थापित होगा। मुख्य न्यायाधीश चौहान को गुरुवार को देहरादून में राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिसके बाद वह कार्यभार ग्रहण करने हेलिकॉप्टर से नैनीताल पहुंचे। मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद उनके स्वागत में आयोजित फुल कोर्ट रिफरेंस को संबोधित करते हुए सीजे राघवेंद्र चौहान ने कहा कि वे संस्कृति, कला व इतिहास की भूमि राजस्थान से कृष्णा, कावेरी की भूमि कर्नाटक व आंध्र प्रदेश से अब देवभूमि उत्तराखंड आए हैं और इन अनुभवों के सहारे आम आदमी में विधि का शासन होने का एहसास कराएंगे।
फुल कोर्ट रिफरेंस का संचालन रजिस्ट्रार जनरल धनंजय चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह, न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा, न्यायमूर्ति एनएस धानिक, न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा के अलावा शासकीय अधिवक्ता गजेंद्र सिंह संधु, मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, बीवीएस नेगी, एमसी कांडपाल, एमसी पांडे, असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल राकेश थपलियाल, राजेंद्र डोभाल, अमर शुक्ला, बीएम पिंगल, शिवांगी गंगवार, सोनिया चावला, सौरभ पांडे, विनोद जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया का स्थानांतरण
उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया का स्थानांतरण गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद पर कर दिया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजेंद्र कश्यप के हस्ताक्षरों से जारी स्थानांतरण आदेश नैनीताल हाईकोर्ट पहुंच गया है।
न्यायमूर्ति धूलिया का जन्म 10 अगस्त1960 को हुआ। उनकी शिक्षा देहरादून, इलाहाबाद व लखनऊ में हुई है। एमए इतिहास से करने बाद उन्होंने 1986 में इलाहाबाद से लॉ की डिग्री हासिल की और इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी। उत्तराखंड बनने के बाद वे नैनीताल हाईकोर्ट आ गए और उत्तराखंड के पहले मुख्य स्थायी अधिवक्ता बने।
उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता के पद पर भी तैनात किया गया। जस्टिस धूलिया 2004 में सीनियर अधिवक्ता मनोनीत हुए।1 नवंबर 2008 को वे उत्तराखंड हाईकोर्ट में जज के पद पर नियुक्त हुए। जस्टिस धूलिया के गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने पर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं में खुशी है। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।