छात्र लुभावन घोषणाएं : तुम मुझे वोट दो, मैं तुम्हें एक जीबी डाटा दूंगा
- एनएसयूआई ने डीएवी के छात्रसंघ चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र
- कैंटीन में 15 रुपये में थाली और छात्र अधिकार आयोग का भी किया वादा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एनएसयूआई ने डीएवी के छात्रसंघ चुनाव के लिए छात्र लुभावन घोषणा पत्र जारी किया है। इसके तहत अध्यक्ष पद पर जीत मिलने पर सभी छात्रों को रोजाना एक जीबी फ्री डाटा, कैंटीन में 15 रुपये में थाली समेत 15 वादे किए हैं। छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई ने छात्रों से 15 वादे किए हैं।
कांग्रेस भवन में बृहस्पतिवार को चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए संगठन के प्रदेश प्रभारी अनुशेष शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी, जिलाध्यक्ष सौरभ ममगाईं ने कहा कि यह केवल चुनावी घोषणा पत्र नहीं है। हमारे अध्यक्ष प्रत्याशी हिमांशु रावत और विवि प्रतिनिधि प्रत्याशी राजेश भट्ट को मौका दिया गया तो वे सभी वादे पूरे करेंगे।
घोषणा पत्र में शामिल हैं ये वादे
घोषणा पत्र में 53 रिक्त पद भरवाने, विवि से जुड़े डिग्री आदि कार्यों के लिए दून में समाधान केंद्र खोलने, छात्रसंघ के खर्च को ऑनलाइन करने, छात्रावासों का दोबारा संचालन करने, लाइब्रेरी रात आठ बजे तक खुलवाने, आधुनिक कक्षाएं व प्रयोगशाला की स्थापना, सभी विभागों की सूचनाएं वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने, छात्रों के लिए अधिकार आयोग की स्थापना, पार्किंग की समस्या का समाधान, फ्री वाईफाई की सीमा एक जीबी प्रतिदिन, 15 रुपये में भोजन की थाली, जिम में नए उपकरण, खिलाड़ियों का टीए-डीए बढ़वाने, पेयजल और शौचालय की समस्या का समाधान और छात्राओं की सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था का वादा शामिल है। इस मौके पर एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्याम सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
12 साल से एनएसयूआई की झोली खाली
डीएवी कॉलेज में 12 साल से एनएसयूआई को अध्यक्ष पद नसीब नहीं हुआ है। डीएवी छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर लगातार एबीवीपी का परचम लहराता आ रहा है। इस बार आपसी गुटबाजी खत्म करते हुए एनएसयूआई जीत के लिए जी-तोड़ मेहनत में जुटी है।