मां की जान बचाने को खूंखार गुलदार पर डंडा लेकर टूट पड़ा बेटा
- बेटे ने गुलदार पर डंडे से वार कर बचाई मां की जान
- छज्जे में सो रही महिला पर गुलदार ने किया था हमला
विस्तार
टिहरी के जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पाचरी में रविवार रात को घर के छज्जे में सो रही एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर उसके बेटे ने अपनी परवाह न करते हुए गुलदार पर डंडे से हमला बोल दिया। इस हमले से भयभीत होकर गुलदार भाग गया। सोमवार को नंदगांव पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया।
पाचरी गांव के नारगढ़ नामे तोम में विमला देवी (42) पत्नी टीकाराम अपने बच्चों प्रिंयका (18), पंकज (16), रेखा (14) और हिमांशु (13) के साथ घर के छज्जे में सो रही थी।
रविवार रात करीब एक बजे गुलदार ने विमला देवी पर हमला कर दिया। मां के चीख पुकार मचाने पर बच्चे जाग गए। मां की जान खतरे में देखते हुए पंकज ने गुलदार पर पास में रखे डंडे से वार कर दिया, जिससे गुलदार भाग गया।
गुलदार को पकड़ने के लिए लगेगा पिंजरा
हमले में विमला देवी के दाएं पैर में खरोंच आई है। सोमवार को ग्रामीणों ने महिला को नंदगांव पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। रेंज अधिकारी शरत सिंह नेगी ने कहा कि गांव में गश्त तेज करने के बाद पिंजरा लगाया जाएगा। महिला को इलाज के लिए उचित मुआवजा दिया जाएगा।
Published By: Vivek Singh