फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   snowfall in uttarakhand tourist stuck in kalamuni car and tata 407 accident

उत्तराखंड: बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत, कालामुनि में फंसे छह यात्री, एक कार और टाटा 407 टकराए

Tue, 05 Mar 2019 08:59 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुनस्यारी (पिथौरागढ़)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुनस्यारी (पिथौरागढ़) Published by: अलका त्यागी Updated Tue, 05 Mar 2019 08:59 AM IST
विज्ञापन
snowfall in uttarakhand tourist stuck in kalamuni car and tata 407 accident
snowfall

पिथौरागढ़ जिले में थल मुनस्यारी सड़क पर बर्फ पूरी तरह से साफ न होने के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सिर्फ छोटे वाहनों के लिए खुली है। ऐसे में एक ट्रक के फंसने के कारण छह लोगों को कालामुनि मंदिर में रात गुजारनी पड़ी। कई पर्यटकों को चौकोड़ी लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

विज्ञापन


बर्फबारी के कारण शनिवार रात से बंद थल मुनस्यारी सड़क रविवार दोपहर में छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई थी। शाम को मुनस्यारी से थल की ओर जा रहा एक ट्रक कालामुनि के पास फंस गया। इसके चलते 25 वाहन भी फंस गए। रात आठ बजे लोक निर्माण विभाग की जेसीबी से ट्रक को किनारे किया गया। इसके बाद ही वाहन आगे को रवाना हो सके।
विज्ञापन


बावजूद इसके मार्ग में पास देने के लिए जगह नहीं होने से वाहन कालामुनि से आगे नहीं बढ़ सके। इसके चलते छह लोगों ने कड़ाके की ठंड में कालामुनि मंदिर में रात गुजारी। मुनस्यारी आने वाले एक दर्जन पर्यटक वाहन वापस चौकोड़ी लौट गए। रविवार को सुबह आठ बजे सड़क से ट्रक को हटाया गया। इसके बाद ही मार्ग पर फंसे वाहन अपने गंतव्य को रवाना हुए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इधर बलांती बैंड में टाटा 407 और कार संख्या यूके 05-605 की बर्फ में फिसलने से आपस में टक्कर हो गई। इससे कार को नुकसान पहुंचा है। बर्फ के चलते सड़क पर बड़े वाहनों के संचालन के लिए अभी समस्या बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगाई है। 

वहीं मुनस्यारी (पिथौरागढ़) क्षेत्र में सोमवार को दोपहर तक धूप खिलने के बाद मौसम ने फिर से पलटी मार ली। अचानक मौसम खराब हो गया और ऊंची चोटियों हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली और नाग्निधुरा में हिमपात हुआ। निचले इलाकों में बारिश होने से क्षेत्र में फिर से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय में भी दिनभर गुनगुनी धूप खिलने के बाद शाम के वक्त बादल छाने और चुभन भरी हवाएं चलने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा।

ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड

चकराता के जौनसार बावर परगने में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदली। क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों पर एक बार फिर बर्फबारी हुई। इससे पूरे परगने सहित पछवादून में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। 


सोमवार सुबह चटक धूप के बाद दोपहर से ही बारिश शुरू हो गई। इससे पहले शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई थी। इससे लोगों को सर्दी से निजात मिलने की उम्मीद जगी थी। स्थानीय लोग दो दशक बाद मार्च माह में हुए हिमपात को बागवानी के लिए मुफीद मान रहे हैं। पिछले तीन दिनों से खुले मौसम के बाद सोमवार दोपहर को बारिश शुरू हुई।

वहीं, लोखंडी, लोहारी, खडंबा, देववन, व्यास शिखर, चुरानी, बुधेर की चोटियों पर बर्फ की चादर जम गईं। जंगलात चौकी के आसपास भी बर्फ की फुहारें पड़ीं। स्थानीय निवासी शेर सिंह चौहान, मेहर सिंह, एमएस राणा ने बताया कि दो दशक बाद मार्च माह में बर्फवारी हुई है। इससे एक बार फिर स्थानीय लोगों की परेशानी में इजाफा होने की संभावना बढ़ गई है। खासकर ऊंचाई वाले स्थानों पर पेयजल लाइनों के जमने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है।

चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली

चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। चमोली में दोपहर बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, पनार बुग्याल, लाल माटी, नंदा घुंघटी, मंडल घाटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। केदारनाथ में शाम को हल्की बर्फबारी हुई है।

बारिश से खराब हुआ सरोवर नगरी पहुंचे पर्यटकों का दिन

सरोवर नगरी नैनीताल में सोमवार को दोपहर तक मौसम सामान्य रहने की वजह से सभी पर्यटन स्थलों में काफी रौनक नजर आई लेकिन दोपहर बाद मौसम के बदले मिजाज की वजह से विरानगी छा गई। 


नगर में कुछ समय से मौसम का मिजाज हर रोज बदलता जा रहा है, जिसकी वजह से स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल भ्रमण पर पहुंच रहे देशी-विदेशी सैलानियों को भी भारी फजीहत उठानी पड़ रही है। रविवार को साप्ताहिक और सोमवार को महाशिवरात्रि का अवकाश पड़ने पर नगर में पर्यटकों की काफी भीड़ थी। सोमवार को दोपहर तक पर्यटकों ने नैनी झील में नौका विहार का आनंद लिया।


इसके अलावा नगर के दर्शनीय स्थलों में सैर सपाटा किया लेकिन दोपहर डेढ़ बजे के बाद ओलावृष्टि, हिमकण गिरने के बाद हुई बारिश की वजह से वह भीगते-भीगते होटलों में पहुंचे। शाम तक बारिश नहीं रुकने पर पर्यटकों को पूरा दिन सूना हो गया। 

चटख धूप ने दी राहत 

हल्द्वानी में चटख धूप ने ठंड से राहत दी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। जबकि राज्य के अन्य स्थानों में मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को सुबह से खिली चटख धूप ने राहत दी। दोपहर में बादलों ने कुछ देर के लिए आसमान पर डेरा डाल दिया। अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

 

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 12.8 और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। देहरादून में अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 13.5 और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed