उत्तराखंड: बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब में हुई बर्फबारी, केदारनाथ में दिनभर खिली रही धूप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चमोली जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम खराब रहा। शनिवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड में इजाफा हो गया है।
शुक्रवार रातभर बारिश बर्फबारी का दौर रहा। शनिवार को सुबह करीब आठ बजे मौसम सामान्य हुआ और चटख धूप खिली। लेकिन अपराह्न दो बजे से फिर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब हो गया। देर शाम तक भी बारिश और बर्फबारी होती रही। गोपेश्वर, जोशीमठ, पीपलकोटी, घाट, पोखरी और नंदप्रयाग क्षेत्र में बर्फीली हवाएं चलने से लोग अपने घरों में ही दुबके रहे।
केदारनाथ में दिनभर खिली रही चटक धूप, पारा 15 डिग्री
केदारनाथ में दिनभर मौसम सुहावना रहा। इस दौरान चटक धूप खिली रही, जिस कारण ठंड का प्रकोप कम रहा। लेकिन यहां अब भी 9.5 फीट बर्फ मौजूद है, जिस कारण आदिगुरू शंकराचार्य समाधी स्थल पुनर्निर्माण सहित अन्य कार्य बीते 27 दिन से ठप पड़े हैं। साथ ही बिजली सप्लाई भी गुल है, जिस कारण यहां रह रहे कार्यदायी संस्था के लोगों के साथ पुलिस जवान परेशान हैं।
शनिवार को सुबह से आसमान साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ केदारनाथ में धूप तेज होती गई। इस दौरान दोपहर 12.30 बजे तापमान 15 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया। भले ही धूप ढलते ही बर्फीली हवा चलने से ठंड बढ़ने लगी। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व बीते शुक्रवार देर शाम 6.30 बजे देर रात्रि 11 बजे तक बर्फबारी में 6 इंच तक नई बर्फ जमी। समुची केदारपुरी बर्फ के ढेर से ढकी हुई है।
यहां मौजूद कार्यदायी संस्था वुड स्टोन कंपनी के टीम प्रभारी कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते 21 जनवरी से अभी तक 6 बार चार घंटे से 36 घंटे तक छह बार भारी बर्फबारी हो चुकी है, जिससे बिजली व पानी की सप्लाई ठप पड़ी है। इस समस्या के कारण तीर्थ पुरोहितों के आवासीय भवनों के अंदर कमरों में होने वाले कार्य भी व्यापक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर, आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा तो यात्रा तक कार्यो को पूरा करना मुश्किल हो सकता है। पैदल मार्ग का भी अधिकांश हिस्सा 4 से 6 फीट बर्फ से लकदक बना हुआ है।इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित जनपद के निचले इलाकों में दिनभर धूप खिली रही।