शिकार के इरादे से जंगल जा रहे छह युवक गिरफ्तार, दो तमंचों के साथ 44 कारतूस और चार चाकू बरामद
उत्तराखंड में कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने शिकार करने के इरादे से जंगल जा रहे सनेह चौकी बैरियर पर दो तमचे, 44 कारतूस और चार चाकू के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि आरोपियों की जिप्सी को सीज कर दिया है।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि बाजार चौकी इंचार्ज कमेलश शर्मा, कलालघाटी चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ सनेह चौकी बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, इस दौरान कोटद्वार से सनेह की ओर एक जिप्सी तेज गति से आती दिखाई दी।
पुलिस को चेकिंग करते देख युवक जिप्सी को घुमाने लगे, पुलिस ने जिप्सी को रोककर चालक से वाहन को मोड़ने का कारण पूछा, तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक होने पर पुलिस ने वाहन में बैैठे सभी लोगों की तलाशी ली।
इस दौरान युवकों के पास से दो तमंचे, 44 कारतूस और चार चाकू बरामद हुए। पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। पूछताछ में उनकी पहचान दिलशाद पुत्र अनवार खां निवासी भगत सिंह कालोनी देहरादून, उसमान पुत्र इकबाल निवासी मोहल्ला बलीपुरा किरतपुर, जिला बिजनौर यूपी, रशाद खान पुत्र दिलशाद निवासी कोतवाली बिजनौर, आरिफ पुत्र मुस्तकीम निवासी मोहल्ला झबरा कोतवाली, आदिल पुत्र इरशाद निवासी दरुदग्रान नजीबाबाद, गुलाम रसूल पुत्र नूर आलम निवासी कादरगंज बढ़ापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि युवक जंगल में शिकार के इरादे से जा रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए सभी युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज कर दिया गया है।