Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Shiv Prasad Chamoli awarded the Tenzing Norgay National Adventure Award

मसूरी: शिव प्रसाद चमोली को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, राष्ट्रपति मुर्मु ने किया सम्मानित

Sat, 14 Nov 2026 12:35 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, मसूरी।
अमर उजाला नेटवर्क, मसूरी। Published by: Heera Updated Sat, 14 Nov 2026 12:35 PM IST
सार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में मसूरी के केम्पटी फॉल स्थित हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट के संस्थापक-निदेशक 84 वर्षीय शिव प्रसाद चमोली को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया। 

विज्ञापन
Shiv Prasad Chamoli awarded the Tenzing Norgay National Adventure Award
मसूरी के शिव प्रसाद चमोली को सर्वोच्च साहसिक सम्मान - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि मसूरी के केम्पटी फॉल स्थित हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट के संस्थापक-निदेशक शिव प्रसाद चमोली को देश के सर्वोच्च साहसिक सम्मान तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 (आजीवन उपलब्धि) से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में 84 वर्षीय चमोली को यह सम्मान प्रदान किया। पर्वतारोहण, स्कीइंग और रिवर राफ्टिंग के क्षेत्र में छह दशक से अधिक समय तक उनके उल्लेखनीय योगदान और साहसिक अभियानों में ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

विज्ञापन


तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से प्रदान किया जाता है। इसमें कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र और 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसे देश में साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान माना जाता है।
विज्ञापन


शिव प्रसाद चमोली का साहसिक जीवन अनेक ऐसी उपलब्धियों से भरा है, जिन्होंने भारतीय पर्वतारोहण और रिवर राफ्टिंग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में वर्ष 1981 में ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स अभियान पूरा किया गया। सर एडमंड हिलेरी के संरक्षण में भारत और न्यूजीलैंड के संयुक्त दल ने कंचनजंगा से काराकोरम तक 5,000 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा करते हुए 265 दिनों में 106 हिमालयी दर्रे पार किए। यह अभियान आज भी विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसी तरह वर्ष 1991 में उन्होंने भारत-जापान के संयुक्त ब्रह्मपुत्र राफ्टिंग अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान त्सांगपो गॉर्ज से गेलिंग होते हुए धुबरी तक करीब 1,100 किलोमीटर की नदी यात्रा पूरी की गई। यह ब्रह्मपुत्र नदी पर पहली सफल राफ्टिंग थी और इसे भी विश्व रिकॉर्ड के रूप में पहचान मिली।

उनकी अन्य प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 1974 में 21,640 फीट ऊंचे नीलकंठ शिखर पर पहली सफल चढ़ाई का नेतृत्व, वर्ष 1978 में भारत के पहले स्कीइंग अभियान में उपनेता के रूप में केदार डोम का आरोहण और वर्ष 1986 में काराकोरम की सासेर कांगड़ी-III चोटी पर प्रथम आरोहण का नेतृत्व शामिल है। इसी अभियान के बाद उन्होंने श्योक नदी में 105 किलोमीटर का राफ्टिंग अभियान भी पूरा किया। वर्ष 1989 में इटली में आयोजित विश्व पुलिस शीतकालीन खेलों और यूरोपीय स्की चैंपियनशिप में भारतीय दल का नेतृत्व भी किया। वर्ष 1997 में वे भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन की राष्ट्रीय स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग समिति के संस्थापक अध्यक्ष बने।

भारतीय सेना में अधिकारी और बाद में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में अपर महानिदेशक के रूप में सेवाएं देने के बाद चमोली ने वर्ष 1994 में केम्पटी फॉल, मसूरी में हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की। संस्थान के माध्यम से अब तक 21 हजार से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्वतारोहण, रॉक क्लाइंबिंग, ट्रेकिंग और आउटडोर नेतृत्व का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा उत्तराखंड पुलिस, एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और जिला प्रशासन के 1,420 से अधिक खोज एवं बचाव कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें से कई कर्मियों ने आपदा के समय बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

84 वर्ष की उम्र में भी चमोली युवाओं को साहसिक गतिविधियों, टीम निर्माण, नेतृत्व और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे रॉयल ज्योग्राफिकल सोसाइटी के फेलो भी हैं और ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स तथा राफ्टिंग डाउन द मिस्टिक ब्रह्मपुत्र नामक पुस्तकों के लेखक हैं।


सम्मान प्राप्त करने के बाद शिव प्रसाद चमोली ने कहा कि यह सम्मान उनकी पूरी टीम, उत्तराखंड के पहाड़ों और नदियों को समर्पित है। प्रत्येक अभियान में कठिन चुनौतियां थीं, जिन्हें उन्होंने अपनी टीम के सहयोग से पार किया। उन्होंने कहा कि हिमालय ने उन्हें साहस और अनुशासन का जो पाठ सिखाया है, उसे वे अपनी क्षमता रहने तक युवाओं तक पहुंचाते रहेंगे। इस सम्मान से मसूरी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। चमोली की उपलब्धि ने एक बार फिर साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण के क्षेत्र में उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed