स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक भरभराकर गिरा जर्जर क्लासरूम, छात्रों में मची भगदड़
हरिद्वार के लक्सर में कंकरखाता गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। स्कूल का जर्जर भवन अचानक जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय बच्चे स्कूल के बाहर धूप में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। विभागीय अधिकारियों ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
लक्सर विकासखंड के कंकरखाता उर्फ रसूलपुर गांव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन का निर्माण कई वर्ष पहले हुआ था। इसकी वजह से भवन की स्थिति बेहद काफी जर्जर हो चुकी है।
इस समय स्कूल में छह शिक्षक व लगभग 94 बच्चे रजिस्ट्रेशन है। शनिवार को भी स्कूल में लगभग 80 बच्चे पढ़ाई करने के लिए आए थे। मौसम ठंडा होने की वजह से स्कूल के शिक्षक बच्चों को बाहर धूप में बैठाकर पढ़ाई करा रहे थे।
इसी बीच प्राथमिक विद्यालय के भवन का एक कमरा अचानक गिर गया। कमरा गिरते ही स्कूल में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। गनीमत रही कि बच्चे बाहर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। इस वजह से बच्चे और शिक्षक घायल होने से बच गए।
स्कूल का कमरा गिरने से शिक्षकों के बच्चों के परिजनों में खौफ का माहौल है। अभिभावक अब अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं। प्रधानाचार्य गीता देवी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने जर्जर भवन की बाबत कई बार जिला शिक्षा अधिकारी व उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय को पत्र भी लिखा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर खंड शिक्षा अधिकारी अंबिकाराम आर्य ने बताया कि स्कूल का भवन गिरने की बाबत उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।