सावन 2021: नारसन और भगवानपुर बॉर्डर से पुलिस ने लौटाए 400 वाहन, बिजनौर-मुजफ्फरनगर के लिए भेजे गंगाजल के टैंकर
सावन के पहले सोमवार को सुबह से ही नारसन बॉर्डर पर यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने हर वाहन की सघन चेकिंग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन के पहले सोमवार को नारसन और भगवानपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती रही। पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान 400 से अधिक वाहनों को लौटा दिया। इनमें कई वाहन कांवड़ियों के थे। वहीं, कांवड़ मेला अधिकारी ने भगवानपुर बॉर्डर का निरीक्षण कर पुलिस को सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
सावन का पहला सोमवार: नीलकंठ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कोविड नियमों की उड़ी धज्जियां, तस्वीरें...
सावन के पहले सोमवार को सुबह से ही नारसन बॉर्डर पर यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने हर वाहन की सघन चेकिंग की। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की कोरोना रिपोर्ट की भी जांच की। रिपोर्ट नहीं होने पर लोगों को बॉर्डर से ही लौटा दिया। नारसन बॉर्डर से शाम सात बजे तक पुलिस ने करीब 300 वाहन लौटाए। वहीं, भगवानपुर के मंडावर और काली नदी चेक पोस्ट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
यहां से पुलिस ने 126 वाहनों को लौटाया। उधर, कांवड़ मेला अधिकारी हरीश वर्मा ने काली नदी और मंडावर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सख्ती से चेकिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसओ पीडी भट्ट भी मौजूद थे। खानपुर क्षेत्र के बॉर्डर पर भी भारी भीड़ उमड़ी। लोगों के पास कोरोना की रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन न होने के चलते पुलिस ने सैकड़ों वाहनों को लौटा दिया।
खानपुर-पुरकाजी, सिकंदरपुर-पुरकाजी, दल्लावाला-मोरना और बालावाली-मंडावर बॉर्डर पर लंबी कतारें लगी रहीं। वाहनों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई। खानपुर एसओ अभिनव शर्मा ने बताया कि बाहरी प्रदेशों से आने वाले उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है, जिनके पास कोरोना की आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट और रजिस्ट्रेशन है।
बिजनौर-मुजफ्फरनगर के लिए भेजे टैंकर
कांवड़ मेला प्रतिबंधित होने से उत्तराखंड सरकार की ओर से यूपी और हरियाणा के लिए टैंकरों से गंगाजल भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई। सोमवार को बिजनौर-मुजफ्फरनगर के लिए एक-एक टैंकर से गंगाजल भेजा गया। करनाल के लिए मंगलवार को टैंकर भेजा जाएगा।
उत्तराखंड शासन की ओर से उत्तराखंड राज्य की 10 चेक पोस्टों और उत्तरप्रदेश एवं हरियाणा के आठ समीपवर्ती जिलों तक कांवड़ियों के लिए गंगाजल भेजा जाना है। अपर जिला मजिस्ट्रेट बीके मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बिजनौर और मुजफ्फरनगर के लिए 1-1 टैंकर गंगाजल भेजा गया।
करनाल के लिए मंगलवार को एक टैंकर भेजा जाएगा। सोमवार को उत्तराखंड राज्य की 10 बॉर्डर चेक पोस्टों पर भी कांवड़ियों के लिए 10 टैंकरों से गंगाजल उपलब्ध कराया गया।