हाथी का बच्चा ‘सावन’ बनेगा कॉर्बेट नेशनल पार्क का ब्रांड एंबेसडर, फेसबुक पर खुलेगा एकाउंट
- वन्यजीव संरक्षण को लेकर पार्क प्रशासन का फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कॉर्बेट नेशनल पार्क की कालागढ़ में पल रही हथिनी कंचंभा के दो वर्षीय बच्चे सावन को कॉर्बेट का ब्रांड एंबेसडर बनाने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में फेसबुक पर उसका एकाउंट खोला जा रहा है। इसमें उसकी हर गतिविधि को अपलोड किया जाएगा, ताकि सोशल मीडिया के जरिये भी पर्यटक हाथी सहित अन्य वन्यजीवों के बारे में जानकारी ले सकें।
फरवरी 2017 में कर्नाटक से नौ हाथियों को कॉर्बेट पार्क लाया गया था, इनमें कंचंभा नाम की हथिनी गर्भवती थी। गर्भवती हथिनी ने दो अगस्त 2018 में कालागढ़ हाथी कैंप में नर हाथी को जन्म दिया था। कॉर्बेट प्रशासन ने उसका नाम सावन रखा। साल 2019 में कॉर्बेट प्रशासन ने उसका पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया था।
दूसरे जन्मदिन पर सावन ने की मस्ती, केक खाया
रविवार को उसका दूसरा जन्मदिन भी पार्क प्रशासन ने धूमधाम से मनाया। अपने जन्मदिन पर सावन ने जमकर मस्ती की और केक खाया। सावन की नटखट गतिविधियों की वीडियो और फोटो को पार्क प्रशासन ने सहेज लिया है। अब सावन के नाम से फेसबुक में एकाउंट खोला जाएगा। फिर इन गतिविधियों को फेसबुक पर अपलोड किया जाएगा।
वन्यजीव संरक्षण में मिलेगी मदद
सीटीआर की उपनिदेशक कल्याणी ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के लिए सावन का फेसबुक एकांउट खोला जा रहा है। इस एकाउंट में उसकी हर गतिविधि को अपलोड किया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिये भी वन्यजीव संरक्षण के लिए यह पहल की है।
सावन का जन्म कॉर्बेट पार्क में हुआ है, ऐसे में उसकी हर गतिविधि कॉर्बेट के लिए महत्वपूर्ण है। फेसबुक एकांउट खुलने से सोशल मीडिया के जरिये भी लोग उसे देख पाएंगे। सावन को कॉर्बेट का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। - राहुल, निदेशक सीटीआर