कर्णप्रयाग के पिंडर नदी में गिरा सशस्त्र सीमा बल का वाहन, डिप्टी कमांडेंट लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में श्रीनगर से ग्वालदम लौटते समय सिमली-ग्वालदम हाईवे पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक जीप अनियंत्रित होकर पिंडर नदी में गिर गई। दुर्घटना में एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए, जबकि चालक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। चालक को 108 से सीएचसी कर्णप्रयाग में भर्ती कराया।
कर्णप्रयाग के थाना प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि डिप्टी कमांडेंट अशोक कुमार (35) निवासी जयपुर राजस्थान का तबादला ग्वालदम से डीडीहाट हुआ था और वे कार्यालय के काम से चालक के साथ एसएसबी की जीप से श्रीनगर गए थे।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह श्रीनगर से ग्वालदम लौट रहे थे कि सिमली-ग्वालदम हाईवे पर आमसौड़ के पास जीप अनियंत्रित होकर पिंडर नदी में गिर गई। दुर्घटना में एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट अशोक कुमार पिंडर नदी की तेज धारा में बह गए, जबकि चालक चतुर पाल सिंह (32) पुत्र मनवीर सिंह, ग्राम-मोहसनपुर पोस्ट नारायणपुर, तहसील-खेर, अलीगढ़ (यूपी) पिंडर में बहते समय नदी के बीच में एक पत्थर पर अटक गया।
स्थानीय युवकों ने जब यह देखा तो उन्होंने रस्सों के सहारे चालक को नदी से निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। कर्णप्रयाग के एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा और नारायणबगड़ के एसआई आरएन व्यास मस फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन चालक को 108 सेवा से सीएचसी कर्णप्रयाग भेज दिया जबकि पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवान डिप्टी कमांडेंट अशोक कुमार की खोज में जुट गए। देर शाम तक टीम उनकी खोज में जुटी रही।