Chardham Yatra: वाहन से चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं तो पढ़ें ये खबर, RTO ने बताया क्या करें क्या न करें
आरटीओ ने चारधाम यात्रा के दौरान क्या करना है, क्या नहीं.. इसके बारे में भी यात्रियों को बताया।
विस्तार
आरटीओ शैलेश कुमार ने बृहस्पतिवार को चारधाम यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिवहन विभाग की भद्रकाली व ब्रह्मपुरी चेकपोस्टों का निरीक्षण भी किया। साथ ही यात्रियों से टैक्सी चालकों की ओर से वसूले जा रहे किराये के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि कोई भी ज्यादा किराया वसूले तो उसकी शिकायत करें।
आरटीओ ने चारधाम यात्रा के दौरान क्या करना है, क्या नहीं.. इसके बारे में भी यात्रियों को बताया। उन्होंने हाईटेक चेकपोस्टों पर आवश्यक सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, विश्रामघर की व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित किराये की सूची पुन: प्रसारित करवाई। ताकि, यात्रियों से अधिक किराया न वसूला जा सके।
यह करें
-चारधाम यात्रा के लिए यात्री पंजीकरण अवश्य कराएं। व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड व ट्रिप कार्ड प्राप्त करना अनिवार्य है।
-पर्वतीय मार्गों पर 4225 मिमी. से अधिक व्हीलबेस, व्हीलबेस के 60 प्रतिशत ओवरहैंग एवं 250 सेमी. से अधिक चौड़ाई के वाहन का प्रयोग मान्य नहीं है।
-वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, लकड़ी का गुटका, रस्सी आदि अवश्य रखें।
-पर्वतीय मार्गों पर वाहन का तकनीकी रूप से ठीक होना आवश्यक है। यात्रा से पूर्व वाहन के ब्रेक, गियर, टायर, स्टेयरिंग आदि की जांच कर लें।
-पर्वतीय मार्गों पर मोड़ आने पर हाॅर्न अवश्य दें, अपनी लेन में ही चलें।
-पहाड़ी मार्गों पर मौसम खराब होने पर भूस्खलन होने पर बताए गए निर्देशों का पालन करें।
-यात्रा के दौरान विश्राम करते हुए चलें, लगातार वाहनों का संचालन न करें।
यह न करें
-प्राइवेट वाहनों को किराये पर लेकर यात्रा न करें।
-तेज गति से वाहन न चलाएं।
-वाहन में ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल, डीजल, गैस सिलिंडर न ले जाएं।
-नशे का सेवन कर वाहन न चलाएं।
-वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें।
-यात्रा मार्गों पर रात में वाहन कतई न चलाएं।
-वाहन में ओवरलोडिंग न करें।
-वाहन में घिसे हुए या रिट्रीटेड टायरों का प्रयोग कतई न करें।
-पर्वतीय मार्गों पर वाहनों को ओवरटेक न करें।
-आवश्यक होने पर आगे चल रही गाड़ी से संकेत मिलने पर ही ओवरटेक करें।
-यात्रा निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें, जल्दबाजी न करें।