...ताकि इतिहास के पन्नों में लिखा जाए, भारत के मुसलमानों ने बनवाया राम मंदिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्ग दर्शक इंद्रेश कुमार ने कहा कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराने के मामले में आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती पर नहीं, बल्कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद बनाने के लिए राम मंदिर तोड़ने वाले मुगल आक्रमणकारी बाबर और उसके सेनापति मीर बांकी पर होना चाहिए।
राममंदिर के लिए मुसलमान भाइयों को आगे आना चाहिए, ताकि इतिहास के पन्नों पर लिखा जाए कि भारत के मुसलमानों का श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए अमूल्य योगदान रहा। आरएसएस नेता ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान पाक को चेतावनी दी कि वह खुद अपने देश को संभाले, वरना भारत उसका वजूद खत्म कर देगा। भारत के साथ खुद को सुधारकर दोस्ती कायम करें। इसमें ही पाक की भलाई है।
पिरान कलियर में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पहुंचे इंद्रेश कुमार ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि बाबर मोहम्मद-बिन- कासिम भारत के मुसलमानों के रिश्तेदार नहीं थे। वे बाहरी और आक्रांत थे। उन्होंने हिंदुस्तान में मंदिरों को तोड़कर अपने नाम पर मस्जिदों का निर्माण करवाया।
इस काम के लिए उन्होंने न केवल हिंदुओं को कत्ल किया, बल्कि देश में दंगे करवाकर हजारों मुसलमानों को भी जान गंवानी पड़ी। यही कारण है कि बाबर के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों की वजह से आज भी देश में दंगे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दंगों को रोकना है तो अयोध्या में देश के मुसलमानों को आगे आकर राममंदिर का निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना होगा। इंद्रेश कुमार ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, असीमानंद को जमानत देने पर कहा कि हिंदू आतंकवाद कांग्रेस की देन है।
गौरतलब है कि अजमेव्र, मालेगांव और समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट में इंद्रेश कुमार का नाम भी चर्चा में आया था। जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक असीमानंद और दूसरे आरोपियों ने योजना को अंजाम देने से पहले इंद्रेश कुमार से बात की थी। उन्होंने इस सवाल पर कहा कि मेरा इन मामलों में कोई हाथ नहीं था। ये कांग्रेस का षड्यंत्र था। मौके पर राष्ट्रीय संयोजक अफजाल, जिला संयोजक फरत सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
अयोध्या में बनेगा राम मंदिर, खत्म होगा तीन तलाक
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण और तीन तलाक खत्म करने के लिए कानून बनाने समेत पांच प्रस्ताव पारित किए गए। इन प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाने के लिए मंच के कार्यकर्ता रमजान से काम शुरू करेंगे।
शुक्रवार शाम से शुरू हुई मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शनिवार को संपन्न हो गई। दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार की मौजूदगी में पांच प्रस्तावों पर मुहर लगाई।
इनमें अयोध्या में राममंदिर का भव्य निर्माण करने के लिए मंच के कार्यकर्ताओं को मुस्लिम समाज के अंदर माहौल तैयार करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा मुस्लिम समाज की महिलाओं को तीन तलाक के दंश से मुक्ति दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से कानून बनाने की मांग को लेकर प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
प्रस्ताव के अनुसार मुस्लिम मंच के कार्यकर्ता देशभर में मुसलमानों का समर्थन जुटाने के लिए जागरूक एवं हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। ‘गाय बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत भी मुसलमानों को रमजान में मांस नहीं खाने, बल्कि काऊ मिल्क पार्टी से रोजा इफ्तार कराने पर सहमति बनी। कार्यकारिणी में पाक के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने और चीन से तिब्बत को आजाद करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।
कार्यकारिणी में मुस्लिम बच्चों को मदरसों में दीनी तालीम के साथ-साथ कंप्यूटर का ज्ञान और आधुनिक शिक्षा देकर बाद में इन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए कार्यकर्ताओं ने रमजान से काम करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल, अबू बकर नकवी, डा. शाहिद अख्तर, गिरीश जुयाल, जिला संयोजक फरत सिद्दीकी, प्रदेश संयोजक डा. सदाकत, प्रदेश संगठन मंत्री अनुराग त्रिपाठी, गोरक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शौकीन अंसारी, पूर्व वक्फ बोर्ड के चेयरमैन हाजी राव शराफत आदि मौजूद रहे।