रुड़की: शनिदेव मंदिर के एक कमरे में मिला पुजारी का शव, साधु-संतों का लगा जमावड़ा, हत्या की आशंका
- शनिदेव मंदिर परिसर में स्थित एक कमरे में मिला पुजारी का शव
- साधु-संतों का जमावड़ा, विधायक यतीश्वरानंद ने एसएसपी से की वार्ता
- एसएसपी के जांच के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम कराने को हुए राजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की के सुल्तानपुर में शनिदेव मंदिर के पुजारी एक कमरे में संदिग्ध हालात में मृत मिले। सूचना मिलते ही आसपास के संत और पुलिस मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में हरिद्वार ग्रामीण के विधायक यतीश्वरानंद भी मौके पर पहुंचे और पुजारी की हत्या की आशंका जताई।
इस मामले में उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर जांच कर कार्रवाई की बात कही। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। क्षेत्र के तिलकपुरी गांव स्थित शनिदेव मंदिर में पिछले करीब छह वर्षों से अमाना नंद पुजारी हैं। पिछले दो दिनों से ग्रामीणों को पुजारी मंदिर में दिखाई नहीं दिए।
पहले तो ग्रामीणों से इसे नजरअंदाज कर दिया, लेकिन शुक्रवार को शक होने पर ग्रामीणों ने भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी आशीष शर्मा को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर में बने कमरे का दरवाजा खोला तो सभी के होश उड़ गए।
पुजारी कमरे के अंदर मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलते ही आसपास के कई साधु-संत और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करने की बात कही।
इस पर साधु-संतों ने इन्कार कर दिया और ऐसे ही अंतिम संस्कार करने की बात कही। इस पर पुलिस ने डीएम से अनुमति लेने की बात कही। वहीं, सूचना मिलते ही विधायक यतीश्वरानंद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन पर एसएसपी से वार्ता की। साथ ही पुजारी की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहनता से जांच करने की बात कही।
एसएसपी डी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने मामले की जांच कराने की बात कही तो संत पोस्टमार्टम कराने को राजी हो गए। चौकी प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही पिछले दिनों पुजारी से कौन-कौन लोग मिले थे, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है।