Roorkee: मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को बॉर्डरों पर बढ़ेगी सुरक्षा, पुलिस के साथ तैनात होंगे पीआरडी के जवान
नए कप्तान अजय सिंह ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस को सख्ती से निर्देशित किया है। साथ ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
विस्तार
बाहरी जिलों से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए हरिद्वार जिले के सभी बॉर्डरों पर पुलिस के साथ-साथ पीआरडी के जवान तैनात किए जाएंगे। मैन पावर बढ़ाने के साथ ही बॉर्डरों पर अपराधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
जिले के नए कप्तान अजय सिंह ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस को सख्ती से निर्देशित किया है। साथ ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। खासकर नशे के खिलाफ अभियान के साथ-साथ बॉर्डरों पर जल्द ही मैन पावर बढ़ाई जाएगी।
Exclusive: उत्तराखंड में हाथी से जंगल सफारी की संभावनाएं एक्सपर्ट कमेटी करेगी तय, दिसंबर तक जारी होगी रिपोर्ट
सभी बॉर्डरों पर पुलिस के साथ पीआरडी के जवानों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा बॉर्डरों पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को सही कराने और जहां पर कैमरे नहीं हैं वहां कैमरे लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
नाम, पता और गाड़ी नंबर होगा दर्ज
बॉर्डर पर बाहर से रात के समय आने वाले सभी फोर व्हीलर और बड़े वाहनों की गहनता से जांच की जाएगी। इसके अलावा गाड़ी का नंबर, चालक का नाम और पता एक रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। कोई घटना होती है तो संबंधित चालक से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
बॉर्डरों पर वाहनों की सख्ती से चेकिंग के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस के जवानों के साथ पीआरडी जवानों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
- एसके सिंह, एसपी देहात
1420 प्रतिबंधित टेबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। मंगलवार देर शाम को पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी नशीली प्रतिबंधित दवाएं बेच रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की। पुलिस ने घेराबंदी के दौरान नशीली दवाएं लेकर जा रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1420 नशीली टैबलेट पकड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जावेद निवासी मोहल्ला बंदरटोल मंगलौर बताया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांव देहात में घूमकर नशीली दवाएं बेचता है। क्षेत्र में वह लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहा है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जावेद उर्फ भूरा को लिखापढ़ी के बाद कोर्ट में पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे का कारोबार करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।