रुड़की: रोडवेज बस की बाइक से टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
- पुलिस ने जब्त की बस, चालक-परिचालक फरार
- रोडवेज बस अड्डे के समीप आधे घंटे ट्रैफिक बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोडवेज बस स्टैंड के समीप एक बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस स्टैंड के समीप हुई दुर्घटना के कारण मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
रुड़की चावमंडी निवासी विवेक बिरला पुत्र घनश्याम और आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुज बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी रुड़की रोडवेज बस अड्डे के समीप सहारनपुर से हरिद्वार की ओर आ रही यूपी रोडवेज की एक बस की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विवेक बिरला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना होते ही आरोपी चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए जबकि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया गया।
दूसरे युवक की भी हालत गंभीर, बस सीज
चिकित्सक के अनुसार दूसरे युवक की भी हालत गंभीर है। दूसरी ओर, पुलिस ने बस को सीज कर दिया है जबकि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार बस की टक्कर से जान गंवाने वाले विवेक बिरला और अनुज ने हेलमेट नहीं पहना था।
मेयर और विधायक भी पहुंचे अस्पताल
दुर्घटना में सफाई नायक घनश्याम बिरला के पुत्र विवेक बिरला की मौत के बाद सिविल अस्पताल में मेयर यशपाल राणा और विधायक प्रदीप बत्रा भी पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पोस्टमार्टम के दौरान सिविल अस्पताल में लोगों की भीड़ लगी रही।